रायपुर – इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के गुजरा स्थित परिसर, थाना मंदिर हसौद क्षेत्र में बुधवार को ऑन-साइट लेवल-3 इमरजेंसी मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। औद्योगिक आपदा या किसी आकस्मिक आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से आयोजित इस अभ्यास में पुलिस, एसडीआरएफ, फायर एवं इमरजेंसी सेवा, रेलवे, एयरपोर्ट और स्वास्थ्य विभाग समेत विभिन्न एजेंसियों ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया।
मॉक ड्रिल के दौरान संभावित औद्योगिक आपातकालीन स्थिति का परिदृश्य तैयार कर संबंधित विभागों की त्वरित प्रतिक्रिया, बचाव एवं राहत कार्यों तथा आपसी समन्वय की क्षमता का व्यावहारिक परीक्षण किया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने निर्धारित आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रक्रिया के तहत अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।

एसडीओपी माना के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मंदिर हसौद एवं पुलिस स्टाफ ने घटनास्थल पर आवश्यक सुरक्षा एवं पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित की। वहीं इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के सेफ्टी अधिकारी एवं कर्मचारियों के साथ एसडीआरएफ, फायर एवं इमरजेंसी सेवा, रेलवे, एयरपोर्ट तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी अभ्यास में सक्रिय रूप से शामिल रहे।
अभ्यास के दौरान घटनास्थल की सुरक्षा, संचार व्यवस्था, बचाव एवं राहत कार्य तथा आपात स्थिति में त्वरित सहायता पहुंचाने की प्रक्रिया को परखा गया। विभिन्न एजेंसियों के बीच सूचना के आदान-प्रदान और समन्वित कार्रवाई की भी समीक्षा की गई।
मॉक ड्रिल का प्रमुख उद्देश्य यह सुनिश्चित करना रहा कि किसी वास्तविक औद्योगिक दुर्घटना या आपदा की स्थिति में सभी संबंधित एजेंसियां बिना देरी के प्रभावी कार्रवाई करते हुए जनहानि और संपत्ति के नुकसान को न्यूनतम कर सकें।
अभ्यास के माध्यम से आपातकालीन परिस्थितियों में विभागों की तैयारियों और समन्वय क्षमता का परीक्षण करने के साथ-साथ सामने आने वाली संभावित कमियों की पहचान कर आवश्यक व्यवस्थाओं को और मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।
सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपनी निर्धारित भूमिकाओं के अनुरूप सक्रिय सहभागिता निभाई और संयुक्त मॉक ड्रिल को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।
