छत्तीसगढ़ – राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र से एक व्यक्ति के अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर मामले की कड़ी जोड़ते हुए उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के अहरौरा तक आरोपियों का पीछा किया। CCTV फुटेज, तकनीकी सर्विलांस, टोल प्लाजा की जानकारी और अंतर्राज्यीय पुलिस समन्वय के जरिए पुलिस ने अपहरण में इस्तेमाल काले रंग की UP पासिंग स्कॉर्पियो को ट्रैक कर लिया। अहरौरा पुलिस ने वाहन को रोककर उसमें सवार तीन संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लिया है।
जानकारी के मुताबिक, 02 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे डीएम टावर, रांवाभाठा निवासी अनिता राय ने खमतराई पुलिस को सूचना दी कि उनके पति प्रतीक राय घर वापस नहीं लौटे हैं और उनका मोबाइल भी बंद है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आसपास के CCTV कैमरों की जांच शुरू की।
CCTV फुटेज के बारीकी से विश्लेषण में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई। फुटेज में प्रतीक राय को दोपहर करीब 2:28 बजे काले रंग की UP पासिंग स्कॉर्पियो में सवार तीन अज्ञात लोगों द्वारा जबरदस्ती बैठाकर ले जाते हुए देखा गया। इसके बाद पुलिस ने वाहन की पहचान और उसकी गतिविधियों का पता लगाने के लिए तकनीकी सर्विलांस शुरू किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले ने तत्काल कार्रवाई और तकनीकी साक्ष्यों के प्रभावी इस्तेमाल के निर्देश दिए। पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के निर्देशन तथा एसीपी उरला पूर्णिमा लामा के पर्यवेक्षण में खमतराई पुलिस की टीम ने वाहन की लगातार ट्रैकिंग शुरू कर दी।
रायपुर से UP तक अलर्ट, रास्ते में बिछाया नाकाबंदी का जाल
तकनीकी सर्विलांस से पुलिस को जानकारी मिली कि संदिग्ध वाहन उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ रहा है। इसके बाद रायपुर पुलिस ने तत्काल यूपी पुलिस से संपर्क साधा। अहरौरा थाना, जिला मिर्जापुर समेत संभावित मार्ग में आने वाले पुलिस थानों को वाहन की लोकेशन, संभावित रूट और टोल प्लाजा से जुड़ी जानकारी साझा की गई।
चौपन और रॉबर्ट्सगंज सहित विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस टीमों को अलर्ट किया गया और संभावित मार्गों पर चेकिंग एवं नाकाबंदी शुरू कर दी गई। रायपुर पुलिस द्वारा लगातार साझा की जा रही तकनीकी जानकारी और वाहन की बदलती लोकेशन के आधार पर रास्ते में तैनात पुलिस टीमों को अपडेट किया जाता रहा।
अहरौरा में घेराबंदी, स्कॉर्पियो रोकी तो सामने आए 3 आरोपी
लगातार ट्रैकिंग और अंतर्राज्यीय पुलिस समन्वय का नतीजा यह रहा कि अहरौरा क्षेत्र में संदिग्ध स्कॉर्पियो को पुलिस ने रोक लिया। वाहन में मौजूद तीन लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में वाहन और पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के चलते प्रतीक राय को जबरदस्ती अपने साथ ले जाने की बात सामने आई है। आरोपियों द्वारा उसे उत्तर प्रदेश की ओर ले जाया जा रहा था।
हिरासत में लिए गए आरोपियों की पहचान अभय सिंह (28), बृहस्पत देव सिंह (27) और आदर्श सिंह (24) के रूप में हुई है। तीनों उत्तर प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
आरोपियों को विधिवत कार्रवाई के लिए रायपुर लाने पुलिस टीम उत्तर प्रदेश रवाना हो चुकी है।
इस पूरी कार्रवाई में खमतराई थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र जायसवाल और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम ने सूचना मिलते ही CCTV विश्लेषण से लेकर तकनीकी सर्विलांस, वाहन ट्रैकिंग, टोल जानकारी जुटाने और यूपी पुलिस से समन्वय तक लगातार कार्रवाई की।
रात 9 बजे मिली सूचना से लेकर करीब 12 घंटे के भीतर रायपुर पुलिस द्वारा रायपुर से उत्तर प्रदेश तक अपहरण की कड़ी जोड़कर तीन आरोपियों को हिरासत में लिए जाने की कार्रवाई को पुलिस की त्वरित अंतर्राज्यीय कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है।
