छत्तीसगढ़ – राजधानी रायपुर में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में दो मजदूरों की जान चली गई। प्रोफेसर कॉलोनी स्थित एक बहुमंजिला इमारत पर सोलर पैनल लगाने के दौरान दोनों मजदूर हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, इमारत की छत पर तीन मजदूर सोलर पैनल लगाने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान पैनल हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया और तेज करंट की चपेट में आने से प्रमोद चंद्राकर और आशीष चंद्राकर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दोनों मृतक भिलाई के निवासी बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसा हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आने से माना जा रहा है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएंगे।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर ऊंची इमारतों पर काम के दौरान सुरक्षा मानकों और बिजली लाइनों के पास कार्य करने में बरती जाने वाली सावधानियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
