रायपुर – नशामुक्त भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से निकाली जा रही ‘नशा मुक्त भारत’ राष्ट्रीय बाइक रैली शुक्रवार को राजधानी रायपुर पहुंची। इस अवसर पर पुलिस कमिश्नरेट रायपुर की ओर से तेलीबांधा स्थित मरीन ड्राइव पर रैली में शामिल प्रतिभागियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना और समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। रैली के रायपुर पहुंचने पर पुलिस अधिकारियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और नशामुक्त समाज के निर्माण में ऐसे अभियानों की भूमिका को रेखांकित किया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले, डीसीपी क्राइम स्मृति राजनाला, डीसीपी नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप तथा अतिरिक्त डीसीपी मुख्यालय निमिषा पांडेय सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
बरगढ़ से रायपुर, अब बेमेतरा-कवर्धा होते हुए जबलपुर जाएगी रैली
ओडिशा के बरगढ़ से होते हुए छत्तीसगढ़ पहुंची यह राष्ट्रीय बाइक रैली अब बेमेतरा और कवर्धा के रास्ते जबलपुर की ओर रवाना होगी। इसके बाद विभिन्न राज्यों से गुजरते हुए रैली 31 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर गुजरात के एकता नगर स्थित विश्व प्रसिद्ध स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पहुंचेगी।
युवाओं को दिया नशे से दूर रहने का संदेश
इस रैली के माध्यम से युवाओं और आम नागरिकों को नशे के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश भी दे रहा है।
पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि वे नशे से दूर रहें और अपने परिवार तथा समाज को भी नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। रैली का संदेश स्पष्ट है—नशे को कहें ‘ना’, स्वस्थ और सशक्त भारत के निर्माण में बढ़ाएं कदम।
