राजनांदगांव – शारदीय नवरात्रि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और डोंगरगढ़ में सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी निभाने के बाद राजनांदगांव पुलिस ने मां बम्लेश्वरी के दरबार में मत्था टेककर आशीर्वाद लिया। नवरात्रि अष्टमी के पावन अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने मां बम्लेश्वरी मंदिर में आरती-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर राजनांदगांव पुलिस बैंड की भक्तिमय धुनों ने मंदिर परिसर के वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया। मां की भक्ति में सराबोर पुलिसकर्मियों ने नवरात्रि के दौरान निभाई गई अपनी जिम्मेदारी के बाद श्रद्धा के साथ मां के श्रीचरणों में शीश नवाया।

सुरक्षा व्यवस्था में जुटा रहा पुलिस बल
डोंगरगढ़ में नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण पुलिस के लिए बड़ी चुनौती रहती है। छत्तीसगढ़ पुलिस ने पूरे नवरात्रि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं व्यवस्थित दर्शन कराने के लिए ड्यूटी निभाई।
राजनांदगांव पुलिस के अनुसार, इस वर्ष नवरात्रि के दौरान पदयात्रियों के साथ शून्य सड़क दुर्घटना दर्ज होने और डोंगरगढ़ मेला व्यवस्था के दौरान किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना नहीं होने के साथ सभी कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हुए। पुलिस ने इस व्यवस्था को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी संबंधित पक्षों के प्रति आभार व्यक्त किया।
जनसेवा और सुरक्षा के संकल्प के साथ आगे बढ़ेगी पुलिस
नवरात्रि ड्यूटी के सफल समापन के बाद मां बम्लेश्वरी के दरबार में की गई आरती-अर्चना पुलिस बल के लिए आस्था और समर्पण का विशेष अवसर रही। पुलिस ने स्पष्ट किया कि धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सेवा के लिए वह आगे भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।
मां बम्लेश्वरी के चरणों में प्रार्थना के साथ राजनांदगांव पुलिस ने जनसेवा, सुरक्षा और शांति व्यवस्था के अपने संकल्प को दोहराया।
