छत्तीसगढ़ – राजधानी रायपुर के मोतीबाग स्थित प्रेस क्लब परिसर में हवाई फायरिंग और धमकी देने के मामले में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पलाश तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई पिस्तौल, एक खाली खोखा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 5:30 बजे प्रेस क्लब परिसर में पिस्तौल से हवाई फायरिंग करने और धमकी देने की घटना सामने आई थी। प्रेस क्लब के पदाधिकारियों की लिखित शिकायत पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 410/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 125, 351(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले की विस्तृत जांच के लिए घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है।
प्रेस क्लब जैसे सार्वजनिक परिसर में हवाई फायरिंग की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं। पुलिस अब घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
