रायपुर – माना कैंप के PTS मोड़ पर एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। तेज टक्कर में स्कूटी सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, कार चालक ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में स्कूटी सवार गौरव मंडल और विश्वजीत मंडल गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों युवक माना के 18 ब्लॉक के निवासी बताए जा रहे हैं। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किए जाने की जानकारी है।
हादसे के बाद मौके पर हंगामा!
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने कार में तोड़फोड़ कर दी। हादसे की सूचना मिलते ही माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने की कार्रवाई शुरू की।
फिलहाल, हादसे के कारणों और फरार कार चालक के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। माना थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और लापरवाही से वाहन चलाने को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
