रायपुर – दीपावली पर्व को सुरक्षित बनाने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में 2 नवंबर को लाखे नगर स्थित हिंद स्पोर्टिंग ग्राउंड के पटाखा बाजार का पुलिस, अग्निशमन विभाग, विद्युत विभाग और नगर निगम की संयुक्त टीम ने निरीक्षण किया। टीम ने पटाखा दुकानों में अग्नि सुरक्षा, बिजली व्यवस्था, पटाखों के सुरक्षित भंडारण और क्रय-विक्रय से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अग्निशमन विभाग ने दुकानदारों को मॉक ड्रिल के जरिए आग बुझाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। फायर एक्सटिंग्विशर के सही इस्तेमाल और आग लगने पर तत्काल बचाव के तरीके भी समझाए गए।
वहीं विद्युत विभाग ने दुकानों की वायरिंग और बिजली उपकरणों में सावधानी बरतने के निर्देश दिए। संयुक्त टीम ने दुकानदारों को अग्निशमन यंत्र सहित जरूरी सुरक्षा उपकरण अनिवार्य रूप से रखने और पटाखों के भंडारण व बिक्री में निर्धारित मानकों का पालन करने की हिदायत दी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी आपात स्थिति, आगजनी या विद्युत संबंधी समस्या की सूचना तत्काल पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी जाए।
रायपुर पुलिस की अपील है कि दीपावली पर खुशियों के साथ सुरक्षा का भी ध्यान रखें। नियमों का पालन करें और जिम्मेदारी के साथ पटाखों की बिक्री एवं उपयोग सुनिश्चित करें, ताकि त्योहार खुशहाल और सुरक्षित रहे।
