रायपुर। छत्तीसगढ़ में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ रायपुर ग्रामीण पुलिस ने ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। मंदिर हसौद पुलिस ने नाकेबंदी कर गांजा तस्करी में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 33 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा, तीन मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन सहित कुल 18 लाख 55 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी सुकमा जिले के ग्राम चिकिरपाल क्षेत्र से गांजा लेकर मध्यप्रदेश में खपाने की तैयारी में थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 6 नवंबर की रात करीब 9 बजे मंदिर हसौद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग मोटरसाइकिलों के जरिए सुकमा जिले से गांजा लेकर नया रायपुर के रास्ते मध्यप्रदेश की ओर जाने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और तत्काल टीम गठित कर संदिग्धों की धरपकड़ की रणनीति बनाई।
पुलिस टीम ने नया रायपुर के सेक्टर-18 स्थित एमजीएम स्कूल के पीछे संभावित मार्ग पर घेराबंदी कर नाकेबंदी की। 7 नवंबर की सुबह करीब 5:50 बजे मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार तीन मोटरसाइकिलों पर सवार चार संदिग्ध वहां पहुंचे। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर तीनों मोटरसाइकिलों को रुकवाया और चारों युवकों को हिरासत में लेकर तलाशी ली। इस दौरान उनके पास रखे पिट्ठू बैग से छह पैकेटों में छिपाकर रखा गया कुल 33 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
तीन बैगों में छिपाकर ले जा रहे थे गांजा
पुलिस की कार्रवाई में महेश कुमार ध्रुव के पास से 9 किलो 100 ग्राम गांजा, परमेश्वर कुमार मरकाम के कब्जे से 12 किलो 100 ग्राम और अजय मंडावी के पास से 12 किलो 300 ग्राम गांजा बरामद किया गया। वहीं, चौथे आरोपी राकेश कुमार साहू के कब्जे से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल मिली। आरोपियों के पास से तीन मोटरसाइकियां और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
सुकमा से मध्यप्रदेश तक फैला था तस्करी का प्लान
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा सुकमा जिले के ग्राम चिकिरपाल क्षेत्र से लाया गया था और इसे मध्यप्रदेश में ले जाकर बेचने की योजना थी। पुलिस से बचने के लिए आरोपियों ने गांजे को अलग-अलग पिट्ठू बैग में रखा था और तीन मोटरसाइकिलों के जरिए परिवहन कर रहे थे। पुलिस अब गांजे के वास्तविक स्रोत, तस्करी के नेटवर्क और संभावित खरीदारों की जानकारी जुटाने में लगी है।
18.55 लाख का मशरूका जब्त, चारों आरोपी जेल भेजने की तैयारी में
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 33.500 किलो गांजा, जिसकी कीमत 16 लाख 75 हजार रुपये बताई गई है, तीन मोटरसाइकियां कीमत 1 लाख 40 हजार रुपये और चार मोबाइल फोन कीमत 40 हजार रुपये जब्त किए हैं। चारों आरोपियों के खिलाफ थाना मंदिर हसौद में अपराध क्रमांक 557/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(C) में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
गिरफ्तार आरोपी:
राकेश कुमार साहू (36), निवासी पंडरीपानी, जिला गरियाबंद।
परमेश्वर कुमार मरकाम (28), निवासी पिपरछेड़ी, जिला गरियाबंद।
अजय मंडावी (26), निवासी छिंदगढ़ कोटापारा, जिला सुकमा।
महेश कुमार ध्रुव (39), निवासी पिपरछेड़ी, जिला गरियाबंद।
रायपुर ग्रामीण पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
