धरमजयगढ़ – भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती के पावन अवसर पर आयोजित होने वाले जनजातीय गौरव दिवस 2026 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी ने धरमजयगढ़ में कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों से तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली और कार्यक्रम को सफल, सुव्यवस्थित एवं भव्य बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान स्मृति ईरानी ने आयोजन की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और विभिन्न जिम्मेदारियों को लेकर पदाधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने सभी संबंधित कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने तथा आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने पर जोर दिया।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर प्रदेश सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम, केदार कश्यप, ओपी चौधरी एवं प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, साहस, स्वाभिमान और जनजातीय अस्मिता का प्रतीक है। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करते हुए जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। जनजातीय गौरव दिवस उनके इसी अदम्य साहस, बलिदान और ऐतिहासिक योगदान को नमन करने का अवसर है।

धरमजयगढ़ में आयोजित समीक्षा बैठक को जनजातीय गौरव दिवस के सफल आयोजन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता जुटे हुए हैं।
