छत्तीसगढ़ – राजधानी रायपुर का प्रेस क्लब अब आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित एक अत्याधुनिक मीडिया सेंटर के रूप में विकसित होने जा रहा है। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा स्वीकृत 1 करोड़ रुपये की लागत से प्रेस क्लब भवन का व्यापक जीर्णोद्धार और आधुनिकीकरण किया जाएगा। गुरुवार को जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल एवं रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने प्रेस क्लब भवन का निरीक्षण कर प्रस्तावित विकास कार्यों की रूपरेखा का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने भवन की वर्तमान स्थिति का आकलन किया और पत्रकारों की आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक सुविधाओं के विकास पर विस्तार से चर्चा की।

जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल ने प्रेस क्लब के वरिष्ठ पत्रकारों एवं पदाधिकारियों से सुझाव लेकर निर्माण कार्य को व्यावहारिक और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप बनाने पर जोर दिया।
प्रस्तावित योजना के तहत रायपुर प्रेस क्लब में दो अत्याधुनिक प्रेस कॉन्फ्रेंस हॉल, लाइव डिस्कशन स्टूडियो, गेमिंग ज़ोन, ड्रॉइंग एवं लाउंज हॉल, आधुनिक इंटीरियर, बेहतर बैठक व्यवस्था, जिम हॉल, सुविधायुक्त शौचालय तथा आकर्षक आउटर लैंडस्केपिंग विकसित की जाएगी। इन सुविधाओं के बनने से प्रेस क्लब न केवल पत्रकारों के लिए बेहतर कार्यस्थल बनेगा, बल्कि मीडिया गतिविधियों का आधुनिक केंद्र भी बनकर उभरेगा।
निरीक्षण के दौरान जनसंपर्क विभाग और नगर निगम के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए। नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने भरोसा दिलाया कि कार्य को प्राथमिकता के आधार पर जल्द शुरू कराया जाएगा, ताकि निर्धारित समय में प्रेस क्लब का नया स्वरूप सामने आ सके।
रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी ने कहा कि राजधानी की गरिमा के अनुरूप प्रेस क्लब को आधुनिक स्वरूप देना लंबे समय से पत्रकारों की प्राथमिकता रही है। राज्य शासन द्वारा मिली स्वीकृति पत्रकार समुदाय के लिए एक बड़ी उपलब्धि है, जिससे पत्रकारों को बेहतर सुविधाओं वाला सम्मानजनक कार्यस्थल मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान प्रेस क्लब के महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू, भूपेश जांगड़े सहित कार्यकारिणी सदस्य, पूर्व अध्यक्ष, वरिष्ठ पत्रकार एवं नगर निगम के अधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
यह पहल रायपुर प्रेस क्लब को आधुनिक मीडिया इंफ्रास्ट्रक्चर से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिससे राजधानी के पत्रकारों को विश्वस्तरीय सुविधाओं के साथ बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध होगा।
