रायपुर- शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और स्पा सेंटरों में संभावित अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने शुक्रवार को पश्चिम क्षेत्र के विभिन्न स्पा सेंटरों में व्यापक आकस्मिक जांच अभियान चलाया। इस दौरान कुल 10 स्पा सेंटरों की गहन जांच की गई और संचालकों को नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) संदीप पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) राहुल देव शर्मा के नेतृत्व में सहायक पुलिस आयुक्तों, थाना सरस्वती नगर, आजाद चौक और डी.डी. नगर की संयुक्त टीम ने संबंधित थाना क्षेत्रों में संचालित स्पा सेंटरों का औचक निरीक्षण किया।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने स्पा सेंटरों में संचालित गतिविधियों, कर्मचारियों के पहचान संबंधी दस्तावेज, आगंतुकों का रिकॉर्ड, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशील स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था तथा वैधानिक अभिलेखों की बारीकी से जांच की। साथ ही यह भी परखा गया कि स्पा सेंटर निर्धारित नियमों और शर्तों के अनुरूप संचालित हो रहे हैं या नहीं तथा वहां किसी प्रकार की संदिग्ध या अवैध गतिविधि तो नहीं चल रही है।
निरीक्षण के दौरान सभी संचालकों को कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन कराने, आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने, सीसीटीवी कैमरों को हमेशा चालू रखने और शासन के सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस तरह की आकस्मिक जांच लगातार जारी रहेगी। यदि किसी स्पा सेंटर में नियमों का उल्लंघन या किसी प्रकार की अवैध गतिविधि पाई जाती है तो संबंधित संचालकों के खिलाफ विधिसम्मत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
