रायपुर – छत्तीसगढ़ सरकार ने शुक्रवार देर रात पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 24 भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। गृह (पुलिस) विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत एक आईजी रेंज, कई डीआईजी, एआईजी सहित 12 जिलों के पुलिस अधीक्षकों (SP) की नई पदस्थापना की गई है।

सरकार के इस व्यापक फेरबदल को कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, पुलिस प्रशासन में कसावट लाने तथा प्रशासनिक कार्यों में गति लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। तबादला सूची में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ कई जिलों के पुलिस अधीक्षकों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

पुलिस विभाग में हुए इस बदलाव के बाद कई जिलों में नए पुलिस अधीक्षक पदभार संभालेंगे, जबकि कुछ अधिकारियों को रेंज और मुख्यालय स्तर पर नई जिम्मेदारी दी गई है। प्रशासनिक हलकों में इस आदेश को आगामी चुनौतियों और कानून-व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संभालने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।

गृह विभाग द्वारा जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। अब संबंधित अधिकारी जल्द ही अपनी नई पदस्थापना वाले स्थानों पर कार्यभार ग्रहण करेंगे। पुलिस महकमे में हुए इस बड़े फेरबदल की प्रदेशभर में चर्चा है और इसे सरकार का महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय माना जा रहा है।
