छत्तीसगढ़ – दुर्ग जिले के भिलाई में शुक्रवार को एक 19 वर्षीय नर्सिंग छात्रा की उसके पीजी रूम में घुसकर चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। वारदात वैशाली नगर थाना क्षेत्र के रामनगर की है, जहां छात्रा अपनी सहेली के साथ किराये के कमरे में रहती थी। पुलिस ने एक संदिग्ध युवक की पहचान कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि हत्या के कारणों और आरोपी की भूमिका की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी।
मृतका की पहचान खुशी साहू (19) निवासी ग्राम कुम्ही, बेरला (जिला बेमेतरा) के रूप में हुई है। खुशी करीब एक महीने पहले ही भिलाई आई थी और एक निजी नर्सिंग कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी। पढ़ाई का खर्च उठाने के लिए उसने वैशाली नगर स्थित एक कैफे में नौकरी भी शुरू की थी।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 11:30 से 12 बजे के बीच खुशी की रूममेट बाथरूम में नहा रही थी। इसी दौरान एक युवक कमरे में पहुंचा और खुशी पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर फरार हो गया। जब सहेली बाथरूम से बाहर आई तो खुशी खून से लथपथ फर्श पर पड़ी थी। उसने तुरंत मकान मालिक को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस घायल छात्रा को तत्काल सुपेला अस्पताल लेकर गई, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
जांच के दौरान एक कथित परिचित युवक का नाम सामने आया है। पुलिस संदेह के आधार पर उसकी तलाश कर रही है, लेकिन फिलहाल किसी को आरोपी घोषित नहीं किया गया है। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और आरोपी की भूमिका जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और रूममेट सहित कई लोगों से पूछताछ कर रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, रूममेट ने पहले परिजनों को फोन कर बताया था कि खुशी ने अपने हाथ की नस काट ली है, लेकिन बाद में अस्पताल पहुंचकर उसने बताया कि एक युवक कमरे में आया था और उसने चाकू से हमला किया। इस विरोधाभासी जानकारी को भी पुलिस जांच का हिस्सा बना रही है।
मृतका के चचेरे भाई देव कुमार साहू ने बताया कि खुशी पढ़ाई के साथ नौकरी कर अपने खर्च खुद उठाना चाहती थी। परिवार को पहले उसकी आत्महत्या जैसी सूचना मिली थी, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर हत्या की जानकारी मिली। उन्होंने कहा कि एक युवक का नाम सामने आ रहा है, लेकिन पूरे मामले की सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी।
फिलहाल वैशाली नगर थाना पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुटी है। इस सनसनीखेज वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
