रायपुर – पुलिस कमिश्नरेट रायपुर की पुलिस लाइन में आयोजित साप्ताहिक जनरल परेड के दौरान शुक्रवार को कानून-व्यवस्था से जुड़ी तैयारियों को परखने के लिए प्रभावी बलवा ड्रिल का अभ्यास कराया गया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले (भा.पु.से.) ने परेड की सलामी ली और अधिकारियों एवं कर्मचारियों की वेशभूषा, अनुशासन तथा एमटी शाखा के वाहनों का निरीक्षण किया।
मार्च पास्ट के बाद अतिरिक्त पुलिस आयुक्त के निर्देश पर व्यापक बलवा ड्रिल का आयोजन किया गया। इस अभ्यास का नेतृत्व सहायक पुलिस आयुक्त (लाइन) नीलेश कुमार द्विवेदी ने किया। अभ्यास के दौरान जवानों को विभिन्न दलों में विभाजित कर अश्रु गैस दल, केन पार्टी, लाठी पार्टी और रायफल पार्टी की तैनाती एवं दंगा नियंत्रण की रणनीतियों का प्रदर्शन कराया गया। कानून-व्यवस्था की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए विभिन्न तकनीकों का भी अभ्यास कराया गया।

अभ्यास के दौरान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (यातायात) डी.आर. पोर्ते, सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) रमेश येरेवार तथा रक्षित निरीक्षक अनीष सारथी भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर अधिकारियों और कर्मचारियों को नए आपराधिक कानून भारतीय न्याय संहिता (BNS) और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के प्रावधानों की जानकारी देते हुए उनके वैधानिक दायित्वों पर भी प्रशिक्षण दिया गया।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले ने बलवा ड्रिल के दौरान जवानों की कार्यकुशलता की सराहना करते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित अभ्यास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अभ्यास के दौरान आवश्यक सुधारों के संबंध में भी जवानों को निर्देश दिए।
पुलिस कमिश्नरेट रायपुर की इस साप्ताहिक जनरल परेड एवं बलवा ड्रिल अभ्यास में कुल 595 अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए।
