रायपुर – छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राम मंदिर के चंदे और चढ़ावे में कथित अनियमितताओं को लेकर भाजपा और आरएसएस पर तीखा हमला बोला। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) के सदस्य एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल ने आरोप लगाया कि भगवान राम के नाम पर जुटाए गए चंदे और श्रद्धालुओं के चढ़ावे में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि करोड़ों लोगों ने अपनी आस्था और विश्वास के साथ राम मंदिर निर्माण के लिए दान दिया था, लेकिन अब उसी धन के दुरुपयोग के आरोप सामने आ रहे हैं। उनके मुताबिक यह केवल आर्थिक मामला नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा विषय है।
कमलेश्वर पटेल ने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि सब कुछ पारदर्शी था तो ट्रस्ट के पदाधिकारियों के इस्तीफे क्यों हुए और यदि कोई गड़बड़ी नहीं हुई तो सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र जांच कराने से परहेज क्यों किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि मीडिया रिपोर्टों में ट्रस्ट से जुड़े कई मामलों, फर्जी रसीदों, नकद चढ़ावे और आयोजनों के खर्च को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मामले में छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई की जा रही है, जबकि शीर्ष पदाधिकारियों की जवाबदेही तय नहीं की गई है। पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस पूरे प्रकरण पर सार्वजनिक रूप से जवाब देने की मांग की।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भी भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले राम मंदिर निर्माण के लिए जुटाए गए चंदे पर सवाल उठे और अब चढ़ावे को लेकर विवाद सामने आ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे मामले में भाजपा और आरएसएस की नैतिक जिम्मेदारी बनती है।
कांग्रेस की प्रमुख मांगें
पूरे मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सार्वजनिक रूप से जवाब दें।
कथित घोटाले में शामिल लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की जाए।
सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र न्यायिक जांच कराई जाए।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को भंग कर नया पारदर्शी ट्रस्ट गठित किया जाए।
राम मंदिर के चंदे, चढ़ावे, भूमि खरीद और खर्च का स्वतंत्र फॉरेंसिक ऑडिट कराया जाए।
पत्रकार वार्ता में प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, शैलेश नितिन त्रिवेदी, दीपक मिश्रा, श्रीकुमार शंकर मेनन, अशोक राज आहुजा, धनंजय सिंह ठाकुर सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
