छत्तीसगढ़ – राजधानी रायपुर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और रात्रिकालीन गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से रविवार को एसीपी सिविल लाइन और थाना तेलीबांधा पुलिस द्वारा क्षेत्र के पब, होटल, ढाबा और बार संचालकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे अपने प्रतिष्ठानों का संचालन निर्धारित समय सीमा के भीतर ही करें और किसी भी स्थिति में लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन न होने दें।
बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों ने कहा कि देर रात तक प्रतिष्ठान खुले रखने, अव्यवस्थित पार्किंग और नाबालिगों के प्रवेश जैसी शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है। ऐसे मामलों में अब किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संचालकों को निर्देशित किया गया कि प्रतिष्ठान बंद करने का समय निर्धारित नियमों के अनुरूप सुनिश्चित करें और समय सीमा समाप्त होने के बाद किसी भी ग्राहक को परिसर में न रुकने दें।
पुलिस ने प्रतिष्ठानों के बाहर अव्यवस्थित तरीके से खड़े होने वाले वाहनों को लेकर भी सख्त निर्देश दिए। संचालकों से कहा गया कि आने वाले ग्राहकों के वाहनों की पार्किंग केवल निर्धारित स्थानों पर ही कराई जाए, ताकि सड़क पर यातायात बाधित न हो और आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में नाबालिगों के प्रवेश पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी क्लब, पब या बार में नाबालिगों को प्रवेश नहीं दिया जाए। यदि जांच के दौरान किसी प्रतिष्ठान में नाबालिग पाए जाते हैं तो संबंधित संचालक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही पुलिस ने प्रतिष्ठानों के बाहर वाहनों में बैठकर शराब या अन्य किसी प्रकार का नशा करने वालों पर भी कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति प्रतिष्ठान के सामने वाहन में बैठकर नशा करता हुआ पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। संचालकों से अपेक्षा की गई कि वे ऐसे मामलों की तत्काल सूचना पुलिस को दें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
बैठक के अंत में एसीपी सिविल लाइन और थाना तेलीबांधा पुलिस ने सभी होटल, बार, पब और ढाबा संचालकों से यातायात नियमों का पालन करने, लाइसेंस की सभी शर्तों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने तथा पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने की अपील की। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियमों का पालन करने वाले प्रतिष्ठानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी, लेकिन उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। राजधानी में सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण बनाए रखने के लिए इस तरह की निगरानी और बैठकें आगे भी लगातार जारी रहेंगी।
