रायपुर – छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र का आज दूसरा दिन राजनीतिक दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है। कांग्रेस सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश करने की तैयारी में है। सदन की कार्यवाही शुरू हो चुकी है और शुरुआत से ही राजनीतिक माहौल गर्म नजर आया।
प्रश्नकाल के दौरान सबसे पहले भाजपा विधायक भैय्यालाल राजवाड़े ने जल जीवन मिशन से जुड़े मुद्दे को उठाया। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने हल्के-फुल्के अंदाज में टिप्पणी करते हुए कहा, “सचिन तेंदुलकर बहुत दिनों बाद बैटिंग के लिए उतरे हैं, पुराने खिलाड़ी हैं।” उनके इस बयान पर सदन में मुस्कुराहट का माहौल बन गया।

इधर, कांग्रेस द्वारा अविश्वास प्रस्ताव लाने की चर्चा ने सियासी सरगर्मियां तेज कर दी हैं। यदि प्रस्ताव पेश होता है तो यह छत्तीसगढ़ विधानसभा के इतिहास में 10वीं बार होगा, जब किसी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया जाएगा। अब तक 9 बार अविश्वास प्रस्ताव पेश किए जा चुके हैं, लेकिन एक भी बार सरकार नहीं गिरी है।
विधानसभा में आज नकटी मुद्दे को लेकर भी जोरदार हंगामे के आसार हैं। विपक्ष इस मामले में सरकार को घेरने की तैयारी में है, जबकि सत्ता पक्ष भी जवाब देने के लिए रणनीति बना चुका है। नियमों के अनुसार, सदन में आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के लिए दिन तय करेंगे। इसके बाद प्रस्ताव पर विस्तृत बहस होगी और अंत में मतदान कराया जाएगा।
आज का दिन विधानसभा की कार्यवाही और राज्य की राजनीति दोनों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक की पूरी संभावना है, जिस पर पूरे प्रदेश की नजरें टिकी हुई हैं।
