रायपुर – महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने स्कूलों और कॉलेजों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत कर दी है। कमिश्नरेट की पिंक पेट्रोल यूनिट अब प्रतिदिन स्कूल लगने और छुट्टी होने के समय नियमित रूप से पेट्रोलिंग कर रही है, जिससे छात्र-छात्राओं को सुरक्षित और भयमुक्त माहौल मिल सके।

पुलिस के अनुसार, पिंक पेट्रोल की टीमें सेंट्रल, नॉर्थ और वेस्ट तीनों जोन में लगातार सक्रिय हैं। ये टीमें विद्यालयों और महाविद्यालयों के मुख्य प्रवेश द्वार, आसपास की सड़कों तथा संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रख रही हैं। इसका उद्देश्य छात्राओं के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, अभद्रता या संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाना है।
पेट्रोलिंग के दौरान ऐसे युवकों पर विशेष नजर रखी जा रही है जो स्कूल या कॉलेज के बाहर अनावश्यक रूप से खड़े होकर छात्राओं को असहज करते हैं या भीड़ लगाते हैं। पुलिस ऐसे लोगों को मौके से हटाने के साथ उनकी पहचान कर सख्त चेतावनी भी दे रही है कि भविष्य में विद्यालय खुलने और छुट्टी के समय परिसर के आसपास अनावश्यक रूप से दिखाई न दें।

कुछ मामलों में सामाजिक जिम्मेदारी का एहसास कराने के लिए पुलिस ने युवकों से उठक-बैठक भी कराई और दोबारा ऐसी हरकत करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी। पुलिस का कहना है कि जरूरत पड़ने पर वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।
रायपुर पुलिस के मुताबिक, इस अभियान का सकारात्मक असर अब साफ दिखाई देने लगा है। स्कूल और कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं में सुरक्षा की भावना बढ़ी है, वहीं विद्यालय प्रबंधन और अभिभावकों ने भी पिंक पेट्रोल यूनिट की इस पहल की सराहना की है। नियमित पुलिस मौजूदगी से अभिभावक अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर अधिक आश्वस्त महसूस कर रहे हैं।
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि उसका उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि महिलाओं और बच्चों के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और भयमुक्त वातावरण तैयार करना भी है। इसी दिशा में पिंक पेट्रोल यूनिट लगातार प्रभावी पेट्रोलिंग, जनजागरूकता और आवश्यकतानुसार कानूनी कार्रवाई कर रही है।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि स्कूल, कॉलेज या किसी भी सार्वजनिक स्थान पर महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
