छत्तीसगढ़ – बिलासपुर से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। नगर निगम में पदस्थ असिस्टेंट इंजीनियर अमर सिंह चौहान ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उन्होंने फांसी लगाने से पहले अपने हाथ की कलाई की नस भी काटी थी। कमरे में खून फैला मिला है, जिससे घटना की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने घर के अंदर शव फंदे से लटका देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, अमर सिंह चौहान का हाल ही में बिलासपुर से जगदलपुर तबादला हुआ था। प्रारंभिक जानकारी में उन्हें मूल रूप से जगदलपुर का निवासी भी बताया जा रहा है। हालांकि, आत्महत्या की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।
मामले में नया मोड़ तब आया जब पुलिस को इंजीनियर के कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला। पुलिस ने नोट को जब्त कर उसकी जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही आत्महत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजन भी बिलासपुर के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज करने के साथ-साथ इंजीनियर के व्यक्तिगत और सेवा संबंधी पहलुओं की भी जांच कर रही है।
फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना से नगर निगम और प्रशासनिक महकमे में शोक का माहौल है।
