रायपुर – रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) की ऑनलाइन परीक्षा में हाईटेक तरीके से नकल करने की कोशिश करने वाले एक अभ्यर्थी को रायपुर पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी परीक्षा केंद्र के भीतर डबल अंडरगारमेंट में मोबाइल फोन छिपाकर पहुंचा था और कंप्यूटर स्क्रीन पर प्रदर्शित प्रश्नों की तस्वीरें अपने मोबाइल से खींच रहा था। मामले का खुलासा होने के बाद डी.डी. नगर थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर उसका मोबाइल फोन, आधार कार्ड और प्रवेश पत्र जब्त कर लिया।
घटना 15 जुलाई को आईडीजेड सरोना स्थित रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) के परीक्षा केंद्र में आयोजित कम्प्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) की दूसरी पाली की है। परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षक को एक अभ्यर्थी की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। लगातार निगरानी और सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आया कि अभ्यर्थी छिपाकर लाए गए मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहा था और स्क्रीन पर आए प्रश्नों के फोटो ले रहा था।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने डबल अंडरगारमेंट पहनकर उसके भीतर मोबाइल फोन छिपाया था, ताकि सुरक्षा जांच से बच सके। मोबाइल की जांच में परीक्षा के दौरान पूछे गए प्रश्नों की तस्वीरें भी मिलीं, जो परीक्षा स्क्रीन पर प्रदर्शित प्रश्नों से मेल खाती पाई गईं।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना डी.डी. नगर में अपराध क्रमांक 432/2026 दर्ज किया गया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(2) तथा लोक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024 की धारा 10(1) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अफताब (28 वर्ष), पिता गुलाम मोहम्मद, निवासी संतरेजीपुरा, इतवारी, नागपुर (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है।
जब्त सामग्री:
सैमसंग मोबाइल फोन
आधार कार्ड
RRB परीक्षा का प्रवेश पत्र
रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता और निष्पक्षता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
