रायपुर – छत्तीसगढ़ में शिक्षा का अधिकार (RTE) अधिनियम के तहत निजी स्कूलों में नि:शुल्क प्रवेश का इंतजार कर रहे अभिभावकों के लिए बड़ी खबर है। स्कूल शिक्षा विभाग ने RTE प्रवेश प्रक्रिया के तीसरे और अंतिम चरण का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। इस चरण में केवल वही पात्र बच्चे आवेदन कर सकेंगे, जिन्हें पहले और दूसरे चरण में प्रवेश नहीं मिल पाया है।
विभाग के अनुसार, 21 जुलाई तक प्रदेश के सभी निजी स्कूलों में बची हुई RTE सीटों की सूची ऑनलाइन पोर्टल पर उपलब्ध करा दी जाएगी। अभिभावक पोर्टल पर जाकर अपने क्षेत्र के स्कूलों में उपलब्ध सीटों की जानकारी देख सकेंगे और उसी के आधार पर आवेदन कर पाएंगे।
22 जुलाई से 5 अगस्त तक RTE पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। विभाग ने अभिभावकों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है, क्योंकि यह इस शैक्षणिक सत्र का अंतिम अवसर होगा। इसके बाद नए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 10 अगस्त से 14 अगस्त के बीच पारदर्शी तरीके से ऑनलाइन लॉटरी निकाली जाएगी। इसी लॉटरी के आधार पर पात्र बच्चों का चयन किया जाएगा।
लॉटरी में चयनित बच्चों का 17 अगस्त से 25 अगस्त के बीच संबंधित निजी स्कूलों में नि:शुल्क प्रवेश कराया जाएगा। स्कूलों को समय-सीमा के भीतर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने और सभी आवश्यक औपचारिकताएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
27 अगस्त तक पूरी होगी पूरी प्रक्रिया
स्कूल शिक्षा विभाग ने साफ किया है कि RTE प्रवेश की पूरी प्रक्रिया 27 अगस्त तक हर हाल में पूरी कर ली जाएगी। अंतिम चरण में केवल पहले से अप्रवेशित पात्र बच्चों को ही आवेदन और प्रवेश का मौका मिलेगा। इसके बाद वर्ष 2026-27 के लिए RTE प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह समाप्त हो जाएगी।
महत्वपूर्ण तिथियां:
21 जुलाई: बची हुई RTE सीटों की सूची जारी
22 जुलाई – 5 अगस्त: ऑनलाइन आवेदन
10 अगस्त – 14 अगस्त: ऑनलाइन लॉटरी
17 अगस्त – 25 अगस्त: चयनित बच्चों का प्रवेश
27 अगस्त: पूरी प्रक्रिया समाप्त
