छत्तीसगढ़ – राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र से शनिवार देर रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। संजय नगर स्थित मस्जिद के पास एक किराए के मकान में एक ही परिवार के चार लोगों के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक आशंका है कि परिवार के सभी सदस्यों ने जहर खाकर आत्महत्या की है।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों में परिवार के मुखिया साजिद अली, उनकी पत्नी और दो बेटियां शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही टिकरापारा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और पूरे घर को सील कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम को भी बुलाया गया, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।

टिकरापारा थाना प्रभारी राजेश मराई ने बताया कि घटना संजय नगर के मदनी चौक इलाके की है। सभी मृतक एक ही परिवार के सदस्य हैं और किराए के मकान में रहते थे। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में आत्महत्या की आशंका है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस के अनुसार, फिलहाल यह भी जांच की जा रही है कि घटना में चार लोगों की मौत हुई है या कोई अन्य व्यक्ति भी इसमें शामिल था। आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही घर से मिले साक्ष्यों और अन्य परिस्थितियों के आधार पर हर पहलू की जांच की जा रही है।

घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस ने लोगों को घटनास्थल से दूर रखते हुए जांच जारी रखी।
फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आर्थिक, पारिवारिक और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल की जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।
