रायपुर – राजधानी में सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े भारी वाहनों के खिलाफ यातायात पुलिस का विशेष अभियान लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के यातायात विभाग ने हीरापुर मार्ग, रिंग रोड-2 और बिलासपुर मार्ग पर अभियान चलाकर सड़क पर खड़े ट्रक और ट्रेलरों के खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई की। वहीं, यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 285 के तहत भी वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस उपायुक्त (यातायात) डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य शहर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाना है। अभियान के दौरान यातायात थाना टाटीबंध और थाना आमनाका की संयुक्त टीम ने सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों की जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की।
कार्रवाई के साथ-साथ यातायात पुलिस ने पब्लिक एड्रेस (PA) सिस्टम के माध्यम से ट्रक और ट्रेलर चालकों को लगातार जागरूक भी किया। पुलिस ने चालकों को समझाया कि सड़क पर भारी वाहन खड़े करने से यातायात बाधित होता है, दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है और आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ता है।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि वे अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें। ऐसा करने से वे अनावश्यक कानूनी कार्रवाई से बच सकते हैं। वहीं, नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ ई-चालान के साथ बीएनएस की धारा 285 के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस उपायुक्त (यातायात) डॉ. अर्चना झा ने कहा कि यह विशेष अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा। अवैध पार्किंग, यातायात अवरोध और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा, ताकि रायपुर में सुरक्षित, अनुशासित और निर्बाध यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
