छत्तीसगढ़ – राजधानी रायपुर में 70 लाख रुपये की सनसनीखेज चोरी की वारदात का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। इस हाई-प्रोफाइल चोरी का मास्टरमाइंड कोई बाहरी बदमाश नहीं, बल्कि पीड़ित परिवार का घरेलू रसोइया निकला। पुलिस ने नागपुर रेलवे स्टेशन से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की पूरी रकम, सोने-चांदी के आभूषण, महत्वपूर्ण दस्तावेज और वारदात में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं।

जानकारी के अनुसार, अशोका आइकन, मोवा निवासी व्यवसायी पंकज अग्रवाल अपने परिवार के साथ 26 जुलाई को निजी कार्य से नया रायपुर गए हुए थे। घर पर केवल उनका रसोइया महेन्द्र यादव मौजूद था, जिसे कुछ दिन पहले ही दोबारा काम पर रखा गया था। शाम को परिवार के लौटने पर घर का मुख्य दरवाजा बंद मिला, जबकि पीछे का गेट खुला था। अंदर जाकर देखा तो बेडरूम और अलमारी के ताले खुले थे तथा अलमारी में रखी 51.50 लाख रुपये की नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, गिन्नी, सिक्के, पेन ड्राइव और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज गायब थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (उत्तर) दीपमाला कश्यप के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा पंडरी थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में घरेलू रसोइया महेन्द्र यादव बैग लेकर घर से निकलता दिखाई दिया, जिसके साथ एक अन्य युवक भी मौजूद था।
तकनीकी जांच और लगातार सीसीटीवी विश्लेषण से पुलिस को पता चला कि दोनों आरोपी रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे और समता एक्सप्रेस से नागपुर की ओर फरार हो गए। इसके बाद रायपुर पुलिस ने तत्काल रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) नागपुर से संपर्क कर आरोपियों की तस्वीरें और जानकारी साझा की। त्वरित कार्रवाई करते हुए आरपीएफ और रायपुर पुलिस ने नागपुर रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी महेन्द्र यादव ने अपने साथी पिंटू यादव उर्फ अभिषेक यादव के साथ मिलकर चोरी की पूरी साजिश रचने की बात कबूल की। उसने बताया कि परिवार के घर से बाहर जाने की जानकारी का फायदा उठाकर दोनों ने अलमारी से नकदी और कीमती सामान चोरी किया। वारदात के बाद दोनों मोटरसाइकिल से घड़ी चौक पहुंचे, वहां वाहन खड़ा किया और किराये के वाहन से रेलवे स्टेशन पहुंचकर ट्रेन के जरिए नागपुर भागने की कोशिश की।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 51.50 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवर, गिन्नी, सिक्के, पेन ड्राइव, महत्वपूर्ण दस्तावेज सहित कुल लगभग 70 लाख रुपये का पूरा मशरूका तथा वारदात में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं।
पंडरी थाना में दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 212/26 के तहत धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। रायपुर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को राजधानी में बड़ी सफलता माना जा रहा है, क्योंकि गंभीर चोरी की वारदात का खुलासा रिकॉर्ड समय में कर संपूर्ण चोरी का माल भी बरामद कर लिया गया।
