छत्तीसगढ़ – राजधानी रायपुर में एक बार फिर सोशल मीडिया पर कथित प्राइवेट पूल पार्टी का पोस्टर वायरल होने के बाद शहर में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। वायरल पोस्टर में ₹4,999 की एंट्री फीस लेकर किसी गोपनीय स्थान पर पूल पार्टी आयोजित करने का दावा किया गया है। पोस्टर सामने आते ही रायपुर पुलिस हरकत में आ गई है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
वायरल पोस्टर में मॉडल्स और एक्ट्रेस के साथ इंटरेक्शन, सीमित संख्या में मेहमानों की एंट्री और विशेष आयोजन का दावा किया गया है। सबसे खास बात यह है कि पोस्टर में आयोजन स्थल का कोई नाम या पता नहीं दिया गया है। दावा किया गया है कि एंट्री फीस जमा करने के बाद ही पार्टी की लोकेशन संबंधित लोगों को साझा की जाएगी।
पोस्टर की गोपनीयता और उसमें किए गए दावों को देखते हुए पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह वास्तव में किसी आयोजन का प्रचार है या फिर केवल सोशल मीडिया पर वायरल करने के उद्देश्य से तैयार किया गया पोस्टर। जांच के दौरान पुलिस पोस्टर साझा करने वाले सोशल मीडिया अकाउंट्स, उनसे जुड़े लोगों और संभावित आयोजकों की जानकारी भी जुटा रही है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यदि इस तरह का कोई आयोजन प्रस्तावित है, तो क्या उसके लिए संबंधित विभागों से आवश्यक अनुमति ली गई है या नहीं। साथ ही आयोजन स्थल और आयोजकों की पहचान करने का प्रयास भी किया जा रहा है।
इधर, कथित पूल पार्टी के पोस्टर को लेकर बजरंग दल ने भी कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि रायपुर में पहले भी इस तरह के पोस्टर सामने आ चुके हैं और यदि वास्तव में ऐसा कोई आयोजन किया गया तो उसका विरोध किया जाएगा।
फिलहाल पूरे मामले में पुलिस ने किसी आयोजन की पुष्टि नहीं की है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वायरल पोस्टर वास्तविक है या केवल प्रचार का माध्यम। हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल इस पोस्टर ने राजधानी में एक बार फिर कथित हाई-प्रोफाइल पार्टियों को लेकर बहस छेड़ दी है।
