रायपुर – छत्तीसगढ़ में स्मार्ट मीटर और बढ़ते बिजली बिलों को लेकर कांग्रेस का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। सोमवार को रायपुर में पूर्व संसदीय सचिव एवं छाया सांसद विकास उपाध्याय के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट मीटर के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए इसे “महतारी वंदन वसूली मीटर” और “महतारी वंदन वसूली योजना” का नाम दिया। प्रदर्शन के दौरान लोगों की सहमति से स्मार्ट मीटर हटाने के लिए फॉर्म भी भरवाए गए।
विकास उपाध्याय ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को ₹1000 की सहायता देकर कई गुना अधिक राशि बिजली बिलों के माध्यम से वसूल रही है। उन्होंने कहा कि पहले जहां आम उपभोक्ताओं का बिजली बिल ₹1000 से ₹1500 तक आता था, वहीं स्मार्ट मीटर लगने के बाद कई परिवारों के बिल कई गुना बढ़ गए हैं, जिससे आम लोगों का घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ गया है।
उन्होंने कहा कि सीमित आय वाले परिवारों को अब राशन, किराया, बच्चों की पढ़ाई और अन्य जरूरतों के साथ बढ़े हुए बिजली बिल का भी बोझ उठाना पड़ रहा है। कई लोगों को बिजली बिल जमा करने के लिए कर्ज लेना पड़ रहा है, जिससे आर्थिक और मानसिक परेशानी बढ़ रही है।
कांग्रेस नेता ने यह भी आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ जैसे सरप्लस बिजली वाले राज्य में जनता को महंगी बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। उनके अनुसार, स्मार्ट मीटर के जरिए आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में महंगी बिजली दरों और स्मार्ट मीटर के विरोध में अभियान चलाया जा रहा है।

विकास उपाध्याय ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय लागू बिजली बिल हाफ योजना से प्रदेश के लाखों परिवारों को राहत मिली थी, लेकिन वर्तमान सरकार ने वह लाभ समाप्त कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अब उपभोक्ताओं को महंगी बिजली, लो वोल्टेज और अघोषित बिजली कटौती जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

कांग्रेस ने प्रदेशवासियों से स्मार्ट मीटर के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में शामिल होने और बढ़ते बिजली बिलों के मुद्दे पर पार्टी का समर्थन करने की अपील की। इस दौरान प्रमोद चौबे, प्रकाश जगत, अशोक ठाकुर, मनोज पटनायक, दिनेश मिश्रा, रवि विभार, दिलीप नाग, रिजवान मोहम्मद, आजाद वर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
