रायपुर – छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव बुधवार को उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में एक सड़क हादसे का शिकार हो गए। यह दुर्घटना उस समय हुई, जब वे बागेश्वर धाम से दर्शन कर रायपुर लौट रहे थे। हादसे के बाद उन्हें तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलते ही भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में चिंता की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, हादसे में किरण सिंह देव की कमर और पैर में अंदरूनी चोटें आई हैं। हालांकि शुरुआती जांच में किसी भी प्रकार के फ्रैक्चर की पुष्टि नहीं हुई है। झांसी मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को खतरे से बाहर और स्थिर बताया है। उनकी सीटी स्कैन समेत अन्य आवश्यक चिकित्सीय जांच कराई गई हैं।
इलाज के लिए मेडिसिन, न्यूरोसर्जरी, कार्डियोलॉजी और ऑर्थोपेडिक्स विभाग के विशेषज्ञ डॉक्टरों की संयुक्त टीम बनाई गई है। जांच के दौरान उनका शुगर लेवल बढ़ा हुआ पाया गया, जिसके बाद आवश्यक दवाएं और चिकित्सकीय उपचार शुरू कर दिया गया। डॉक्टर लगातार उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
हादसे के समय कार में उनकी पत्नी रीना सिंह देव और बेटी आयुषी भी मौजूद थीं। राहत की बात यह रही कि दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें किसी प्रकार की चोट नहीं आई। वहीं कार में मौजूद पीएसओ, पीए और चालक को मामूली चोटें आई हैं। किरण सिंह देव के काफिले में शामिल अन्य सभी वाहन भी पूरी तरह सुरक्षित रहे।
सूत्रों के मुताबिक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉप्टर के माध्यम से रायपुर लाने की तैयारी की जा रही है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रशासनिक अधिकारी लगातार उनके स्वास्थ्य की जानकारी ले रहे हैं। वहीं दुर्घटना के कारणों की भी जांच शुरू कर दी गई है।
हादसे की सूचना मिलते ही ललितपुर के जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और अन्य प्रशासनिक अधिकारी झांसी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी अस्पताल पहुंचकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेते रहे। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
इस घटना के बाद छत्तीसगढ़ भाजपा के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने किरण सिंह देव के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। पार्टी के विभिन्न नेताओं ने भी उनके जल्द स्वस्थ होकर लौटने की प्रार्थना की है।
