रायपुर – रायपुर ग्रामीण पुलिस ने जिले में अवैध प्रवासियों, बाहरी राज्यों से आकर रह रहे लोगों और किरायेदारों के सत्यापन को लेकर व्यापक अभियान चलाया। इस विशेष अभियान के दौरान थाना सिलतरा क्षेत्र के सांकरा स्थित जे.के. वीडियो हॉल परिसर में 600 से अधिक किरायेदारों का भौतिक सत्यापन किया गया, जबकि 6 संदिग्ध व्यक्तियों की विशेष तस्दीक कर उनसे विस्तृत पूछताछ की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय सुरक्षा, अपराधों की रोकथाम और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं एसटीएफ के नोडल अधिकारी अभिषेक झा और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (माना) लम्बोदर पटेल के मार्गदर्शन में थाना सिलतरा पुलिस ने यह विशेष जनसुरक्षा एवं सत्यापन अभियान संचालित किया।
अभियान के दौरान औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों, किरायेदारों तथा अन्य राज्यों से आकर निवास करने वाले व्यक्तियों के पहचान पत्रों एवं आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की गई। पुलिस टीम ने प्रत्येक व्यक्ति का भौतिक सत्यापन कर आवश्यक जानकारी एकत्र की, ताकि क्षेत्र में रहने वाले लोगों का रिकॉर्ड अद्यतन रखा जा सके और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।
सांकरा स्थित जे.के. वीडियो हॉल परिसर में लगभग 600 किरायेदारों के दस्तावेजों की जांच के साथ-साथ मकान मालिकों एवं प्रबंधन को भी सख्त निर्देश दिए गए कि बिना पुलिस सत्यापन किसी भी व्यक्ति को किराये पर आवास उपलब्ध न कराया जाए। बाहरी राज्यों से आने वाले व्यक्तियों की जानकारी समय-समय पर पुलिस को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
जांच के दौरान 6 ऐसे व्यक्तियों की पहचान की गई, जिनकी गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर उनका विशेष सत्यापन किया गया। पुलिस ने उनसे विस्तृत पूछताछ कर आवश्यक जानकारी एकत्र की है और वैधानिक प्रक्रिया के तहत आगे की जांच जारी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिषेक झा ने बताया कि अवैध प्रवासियों और किरायेदारों का सत्यापन अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा। इसका उद्देश्य राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करना, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखना और क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना है।
रायपुर ग्रामीण पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने यहां रहने वाले प्रत्येक किरायेदार का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराएं। यदि किसी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या अवैध प्रवासी की जानकारी मिले तो तत्काल रायपुर ग्रामीण पुलिस के टोल-फ्री नंबर 1800-233-1905 पर सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा सके।
