रायपुर – नगर पंचायत माना कैंप के वार्ड क्रमांक 7 स्थित मुख्य मार्ग के हाट बाजार के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए रायपुर ग्रामीण के विधायक मोतीलाल साहू द्वारा स्वीकृत हाट बाजार मरम्मत एवं नवीन शौचालय निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन एवं शुभारंभ किया गया। लंबे समय से क्षेत्रवासियों और व्यापारियों की मांग रहे इस कार्य के प्रारंभ होने से बाजार में खुशी का माहौल है।
भूमि पूजन कार्यक्रम में वार्ड पार्षद अंजना चौधरी, नगर पंचायत अध्यक्ष संजय यादव, उपाध्यक्ष के. येबु, समाजसेवी विजय दास, जे. राजेश सहित बाजार के व्यापारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने विधायक मोतीलाल साहू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सतत प्रयासों के कारण वर्षों से लंबित यह महत्वपूर्ण कार्य अब धरातल पर उतर सका है।
स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि माना कैंप हाट बाजार में लंबे समय से मरम्मत, शौचालय और पार्किंग जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव था। इससे व्यापारियों के साथ-साथ बाजार आने वाले ग्राहकों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब मरम्मत कार्य एवं आधुनिक शौचालय निर्माण से बाजार की व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि विधायक मोतीलाल साहू क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयासरत हैं। सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ बाजारों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। माना कैंप हाट बाजार का यह विकास कार्य क्षेत्र की व्यापारिक गतिविधियों को नई गति देगा और स्थानीय नागरिकों को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराएगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों एवं नगरवासियों ने विधायक मोतीलाल साहू के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि भविष्य में भी क्षेत्र के विकास के लिए इसी तरह जनहित के कार्य निरंतर किए जाते रहेंगे। माना कैंप हाट बाजार के कायाकल्प की इस शुरुआत को स्थानीय लोगों ने क्षेत्र के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक और स्वागतयोग्य पहल बताया।
