छत्तीसगढ़ – रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की सतर्कता और प्रोएक्टिव पुलिसिंग के चलते राजधानी में एक बड़ी डकैती की वारदात होने से पहले ही नाकाम कर दी गई। थाना गुढ़ियारी पुलिस ने कल्याण ज्वेलर्स, पंडरी में डकैती की साजिश रच रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो चाकू, तीन मोबाइल फोन और नकद 2500 रुपये बरामद किए हैं। इस मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन में संदिग्ध व्यक्तियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-7 के पीछे नया रोड क्षेत्र में कुछ युवक संदिग्ध हालत में मौजूद हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर तीन युवकों को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो चाकू और तीन मोबाइल बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स में रात के समय डकैती डालने की योजना बना रहे थे।
उन्होंने बताया कि इस वारदात की तैयारी लंबे समय से चल रही थी और 1 अप्रैल 2026 को उनके एक साथी ने ज्वेलर्स की रेकी कर सुरक्षा व्यवस्था, आसपास के रास्तों और भागने के संभावित मार्गों की जानकारी जुटाई थी।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि फरार दोनों आरोपी लगातार मोबाइल के माध्यम से रेकी की तस्वीरें साझा कर रहे थे और पूरी योजना का संचालन कर रहे थे। तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल डेटा की जांच कर गिरोह के अन्य सदस्यों तथा हथियारों की व्यवस्था से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिल्ली निवासी देवांश शर्मा (19), दिल्ली निवासी सुशांत कुमार पासवान (19) और बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी मयंक सिंह (19) के रूप में हुई है। आरोपियों के खिलाफ थाना गुढ़ियारी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 310(4) (डकैती का प्रयास) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस का कहना है कि समय रहते की गई कार्रवाई से राजधानी में एक बड़ी आपराधिक वारदात टल गई। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम लगातार छापेमारी कर रही है। पूरे मामले की जांच डीसीपी उत्तर दीपमाला कश्यप, एडीसीपी आदित्य पांडेय और एसीपी पूर्णिमा लामा के मार्गदर्शन में थाना गुढ़ियारी पुलिस द्वारा की जा रही है।
