रायपुर – स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रायपुर यातायात पुलिस ने शहर के विभिन्न सरकारी और निजी स्कूलों के बाहर नाबालिग वाहन चालकों और नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूल ऑटो के खिलाफ विशेष अभियान तेज कर दिया है। यातायात डीसीपी डॉ. अर्चना झा के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत अब तक 340 वाहनों पर कार्रवाई की जा चुकी है, जिनमें 269 नाबालिग वाहन चालक और 71 स्कूल ऑटो शामिल हैं।

गुरुवार को शहर के रेयान स्कूल (अवंती विहार), द्रोणाचार्य स्कूल (राजेंद्र नगर), ब्रह्मविद स्कूल (भाटागांव), केपीएस स्कूल (सरोना), केंद्रीय विद्यालय (डब्ल्यूआरएस कॉलोनी), विंध्य पब्लिक स्कूल (गुढ़ियारी), एमजीएम स्कूल (गायत्री नगर), देशबंधु स्कूल (गुरुनानक चौक) और होली हार्ट स्कूल (सिविल लाइन) के बाहर सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान 59 नाबालिग वाहन चालक, 3 स्कूल वैन और 1 स्कूल ऑटो सहित कुल 63 वाहनों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के बाद पकड़े गए नाबालिग चालकों के अभिभावकों को यातायात सभागार बुलाकर एसीपी ट्रैफिक श्रीमती स्नेहिल साहू और श्रीमती सीमा अहिरवार ने विस्तृत काउंसलिंग की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने देना कानून का उल्लंघन है और इससे न केवल बच्चों बल्कि अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की जान भी खतरे में पड़ती है। अभिभावकों को भविष्य में बच्चों को वाहन न देने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने की समझाइश दी गई।
यातायात पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि कोई नाबालिग दूसरी बार वाहन चलाते हुए पकड़ा जाता है, तो उसके विरुद्ध मोटरयान अधिनियम की धारा 199(ए) के तहत और अधिक कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ऐसे वाहनों को जब्त कर नियमानुसार आगे की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी।
यातायात पुलिस ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को किसी भी परिस्थिति में दोपहिया या अन्य मोटर वाहन चलाने की अनुमति न दें। पुलिस का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह विशेष अभियान आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
