रायपुर – राजधानी रायपुर में सूने मकान का ताला तोड़कर करीब 60 लाख रुपये की चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की पूरी मशरूका बरामद कर ली गई है। बरामद सामान में बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात और नगदी रकम शामिल है। वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त कर ली है।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पश्चिम जोन के पुलिस उपायुक्त रॉबिन्सन गुरिया की सतत मॉनिटरिंग में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना आमानाका पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
परिवार के साथ बाहर गया था मकान मालिक, पीछे से टूट गया ताला
मामला थाना आमानाका क्षेत्र के सरोना स्थित अरिहंत कॉम्प्लेक्स का है। प्रार्थी रविकांत गुप्ता 28 जुलाई को अपने परिवार के साथ किसी काम से बाहर गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके सूने मकान को निशाना बनाया। आरोपियों ने मकान का ताला तोड़ा और अंदर प्रवेश कर आलमारी का लॉकर भी तोड़ दिया।
चोर घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात, नगदी रकम और अन्य सामान लेकर फरार हो गए। वापस लौटने पर चोरी का पता चला, जिसके बाद प्रार्थी ने आमानाका थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 231/26 के तहत बीएनएस की धारा 331(4), 305 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
हजारों CCTV फुटेज खंगाले, तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और आमानाका पुलिस की कई टीमों को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गईं।

पुलिस टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसके अलावा घटनास्थल और आसपास लगे हजारों CCTV फुटेज खंगाले गए। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गतिविधियों का तकनीकी विश्लेषण किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने चोरी के पुराने मामलों में संलिप्त आरोपियों और हाल ही में जेल से बाहर आए संदिग्धों की गतिविधियों की भी जानकारी जुटाई। CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली जानकारी को जोड़ते हुए पुलिस आखिरकार आरोपियों तक पहुंच गई।
पहले करते रहे गुमराह, सबूत सामने आते ही कबूला जुर्म
पुलिस ने मामले में करण तांडी उर्फ केडे (21) और लक्ष्मी नारायण गोस्वामी उर्फ मोंटी (19) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआती पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी में शामिल होने से इनकार किया और पुलिस टीम को गुमराह करने का प्रयास किया।
हालांकि पुलिस के पास मौजूद साक्ष्यों के आधार पर जब उनसे कड़ाई से पूछताछ की गई तो दोनों अपने बयान पर कायम नहीं रह सके और अंततः सूने मकान में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की संपूर्ण मशरूका, सोने-चांदी के जेवरात, नगदी रकम और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद कर ली। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई गई है।
दोनों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड, एक आरोपी दूसरे केस में फरार
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी पहले भी चोरी और मारपीट के मामलों में जेल जा चुके हैं। आरोपी लक्ष्मी नारायण गोस्वामी उर्फ मोंटी के खिलाफ थाना पंडरी में भी चोरी का मामला दर्ज है और वह उस प्रकरण में फरार चल रहा था।
पुलिस के अनुसार 12 जुलाई 2026 को पंडरी थाना क्षेत्र की दुबे कॉलोनी स्थित श्री बालाजी मेडिकल कॉलेज कैंपस में लगे एसी के कॉपर वायर चोरी करने की घटना में भी मोंटी की संलिप्तता सामने आई थी। इस मामले में थाना पंडरी में अपराध क्रमांक 204/2026 के तहत मामला दर्ज है।
अब आमानाका पुलिस द्वारा इस मामले में गिरफ्तारी के साथ ही पंडरी के उक्त प्रकरण में भी आरोपी की गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी
- करण तांडी उर्फ केडे, पिता राम तांडी, उम्र 21 वर्ष, निवासी मोवा तालाब के पास, आदर्श नगर, सतनाम भवन के सामने, थाना पंडरी-मोवा, रायपुर।
- लक्ष्मी नारायण गोस्वामी उर्फ मोंटी, पिता लक्की पुरी गोस्वामी, उम्र 19 वर्ष, निवासी महालक्ष्मी नगर, गणेश मूर्तिकार के सामने, थाना पंडरी-मोवा, रायपुर।
पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि CCTV फुटेज, तकनीकी जांच और लगातार फील्ड इनपुट के जरिए राजधानी में हुई बड़ी चोरी का पुलिस ने तेजी से खुलासा किया है।
