छत्तीसगढ़ – राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। शराब पीने के दौरान हुए विवाद के बाद तीन युवकों ने मिलकर 22 वर्षीय पवन टंडन की बेरहमी से हत्या कर दी और वारदात के बाद शव को करीब 300 मीटर दूर सीमेंट पाइप लाइन के अंदर लगभग 12 फीट भीतर छिपा दिया। पुलिस ने सूचना मिलते ही सक्रियता दिखाते हुए चंद घंटों के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, खमतराई थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन युवकों ने एक व्यक्ति की हत्या कर शव कहीं छिपा दिया है। सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया।
जांच में सामने आया कि 6 अगस्त की रात करीब 10 बजे से 12 बजे के बीच मृतक पवन टंडन आरोपी समीर खान, प्रकाश यादव और सूरज यादव के साथ चारो बांधा तालाब सूखा मैदान, बंजारी नगर रावांभाठा में मौजूद था। वहां सभी ने शराब पी। रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच पवन टंडन और आरोपियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने पर समीर खान ने लोहे की रॉड से पवन के सिर पर वार किया। इसके बाद प्रकाश यादव ने पास पड़े सीमेंट-कंक्रीट के बड़े टुकड़े से उसके सिर पर हमला किया, जबकि सूरज यादव ने उसका गला दबाया। इसके बाद समीर खान ने दो-तीन बार फिर सीमेंट के बड़े टुकड़े से पवन के सिर पर वार किया। गंभीर चोटों के चलते पवन टंडन की मौत हो गई।
हत्या के बाद तीनों आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की। आरोपियों ने शव को घटनास्थल से करीब 300 मीटर दूर सीमेंट पाइप लाइन के नाले में लगभग 12 फीट अंदर ले जाकर छिपा दिया।
पुलिस ने आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर उनकी निशानदेही पर शव बरामद किया। मौके पर एफएसएल टीम को बुलाया गया। परिजनों ने शव की पहचान पवन टंडन, उम्र 22 वर्ष, निवासी रावांभाठा खमतराई के रूप में की। परिजनों के मुताबिक पवन पिछले दो दिनों से लापता था और उसकी रिश्तेदारों के यहां तलाश की जा रही थी।
मृतक के चचेरे भाई प्रकाश भट्ट की रिपोर्ट पर खमतराई थाने में अपराध क्रमांक 752/2026 के तहत धारा 103(1), 238, 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल लोहे की रॉड, सीमेंट-कंक्रीट का बड़ा टुकड़ा और घटना के समय आरोपियों द्वारा पहने गए कपड़े भी जब्त किए हैं।
तीनों आरोपी गिरफ्तार
हत्या के मामले में पुलिस ने समीर खान (19), प्रकाश यादव उर्फ दादु (18) और सूरज यादव (19) को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी रावांभाठा क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस कमिश्नर रायपुर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन में गंभीर अपराधों में त्वरित कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में डीसीपी उत्तर श्रीमती दीपमाला कश्यप, एडीसीपी उत्तर आदित्य पाण्डे एवं एसीपी उरला पूर्णिमा लामा के निर्देशन में खमतराई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या की गुत्थी सुलझाई।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र जायसवाल, पीएसआई कौशल कुमार झा, प्रधान आरक्षक अशोक वर्मा तथा आरक्षक सुमीत वर्मा, अक्षय दिनकर, दीपक मिश्रा, निलराज बारले, श्रीचंद दीप और भरत रात्रे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
