रायपुर – ज्वेलरी बनाने के लिए मालिक ने जिस कारीगर पर भरोसा कर उसे लाखों रुपये कीमत का कच्चा सोना सौंपा, उसी ने भरोसे का फायदा उठाकर सोना चोरी कर लिया और फरार हो गया। करीब 7.80 लाख रुपये कीमत के 60 ग्राम कच्चे सोने की चोरी के इस मामले में रायपुर पुलिस ने अंतर्राज्यीय आरोपी को राजस्थान के जोधपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मूलतः पश्चिम बंगाल का रहने वाला है और घटना के बाद लगातार अपना ठिकाना बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) तारकेश्वर पटेल की सतत मॉनिटरिंग में एण्टी क्राईम एण्ड साइबर यूनिट तथा थाना गोलबाजार पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
आभूषण बनाने के लिए दिया था 60 ग्राम सोना
मामला गोलबाजार थाना क्षेत्र का है। नयापारा शंकर चौक निवासी नंदकिशोर सोनी की एल.जी. डाई कटिंग की दुकान है, जहां सोने के आभूषण बनाने के लिए कारीगर राजू डोलाई को काम पर रखा गया था।
पुलिस के मुताबिक, 11 जनवरी 2026 को दुकान संचालक ने राजू को करीब 60 ग्राम यानी 6 तोला कच्चा सोना, जिसकी कीमत लगभग 7 लाख 80 हजार रुपये थी, आभूषण बनाने के लिए दिया था। कारीगर ने सोना दुकान की कारीगर आलमारी में रख दिया।
इसके बाद अचानक राजू काम पर आना बंद हो गया। जब दुकान संचालक ने उसके निवास पर पता किया तो वहां भी वह नहीं मिला। संदेह होने पर 15 जनवरी को आलमारी चेक की गई, तो उसमें रखा 60 ग्राम कच्चा सोना गायब था। इसके बाद गोलबाजार थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
मोबाइल और 40 ग्राम सोना बरामद
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की, लेकिन आरोपी घटना के बाद अपना ठिकाना बदलकर फरार हो गया था। लंबे समय से लंबित संपत्ति संबंधी मामलों की समीक्षा के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
एण्टी क्राईम एण्ड साइबर यूनिट और गोलबाजार पुलिस की टीम ने प्रार्थी से दोबारा विस्तृत पूछताछ की। आरोपी से संबंधित दस्तावेजों, तकनीकी साक्ष्यों और उपलब्ध जानकारियों का बारीकी से विश्लेषण किया गया। इसी तकनीकी जांच के दौरान आरोपी के जोधपुर, राजस्थान में होने की जानकारी पुलिस के हाथ लगी।
इसके बाद पुलिस टीम राजस्थान रवाना हुई और जोधपुर में आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार निगरानी और तकनीकी सहायता के आधार पर आरोपी राजू डोलाई को चिन्हांकित कर गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसके कब्जे से 40 ग्राम कच्चा सोना और घटना से संबंधित एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 4.70 लाख रुपये बताई गई है।
बाकी सोने और साथियों की तलाश जारी
पुलिस अब आरोपी से चोरी किए गए शेष 20 ग्राम सोने, चोरी के माल को खपाने और घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी ने चोरी के बाद सोने को कहां-कहां रखा या बेचने का प्रयास किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजू डोलाई पिता प्रहलाद चंद्रा डोलाई, उम्र 35 वर्ष, निवासी जायरम चाक, पूरबा मेदिनीपुर, थाना पासकूड़ा, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध थाना गोलबाजार में अपराध क्रमांक 16/26, धारा 306 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज है।
रायपुर पुलिस की यह कार्रवाई एक बार फिर दिखाती है कि घटना के बाद राज्य की सीमा पार कर फरार होना भी आरोपियों के लिए सुरक्षित रास्ता नहीं है। तकनीकी निगरानी और लगातार पुलिस प्रयासों के जरिए अंतर्राज्यीय आरोपी तक पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया जा सकता है।
