रायपुर – रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने सूखे नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 106.19 ग्राम MDMA के साथ राजस्थान के एक अंतरराज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद MDMA की कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी रायपुर में MDMA की खेप सप्लाई करने के इरादे से पहुंचा था। पुलिस ने उसके कब्जे से एक आईफोन भी जब्त किया है।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त मध्य क्षेत्र तारकेश्वर पटेल की सतत मॉनिटरिंग में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और थाना गंज पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल
पुलिस के मुताबिक, 9 अगस्त को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि थाना गंज क्षेत्र के तेलघानी नाका ओवरब्रिज के नीचे बिजली ऑफिस के पास एक व्यक्ति MDMA लेकर बिक्री की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
संयुक्त पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर निगरानी शुरू की और मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्ध को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रामनिवास माचरा, उम्र 22 वर्ष, निवासी फलोदी, राजस्थान बताया।

बैग की तलाशी में निकली MDMA की खेप
पुलिस टीम ने आरोपी के पास रखे बैग की तलाशी ली तो उसमें 106.19 ग्राम MDMA बरामद हुई। आरोपी से मादक पदार्थ रखने और परिवहन के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस ने MDMA और मामले से संबंधित एक आईफोन जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ थाना गंज में अपराध क्रमांक 243/26, धारा 22(ग) नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
राजस्थान से रायपुर पहुंची नशे की खेप
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर MDMA की बिक्री करता है और साथियों के कहने पर MDMA की खेप लेकर रायपुर में सप्लाई करने आया था।
अब पुलिस आरोपी से यह पता लगाने में जुटी है कि MDMA की खेप उसे कहां से मिली, सप्लायर कौन है, रायपुर में इसकी डिलीवरी किसे होनी थी और इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस का फोकस अब सिर्फ आरोपी की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि MDMA के स्रोत से लेकर रायपुर में इसके संभावित खरीदारों तक पूरे सप्लाई नेटवर्क को खंगालने पर है।
73 मामलों में 163 आरोपी गिरफ्तार
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस के मुताबिक एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स द्वारा NDPS एक्ट के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। अब तक 73 प्रकरणों में 163 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
इन मामलों में पुलिस ने करीब 5.47 करोड़ रुपये कीमत का मादक पदार्थ एवं अन्य सामग्री जब्त की है। इसमें 588.97 किलोग्राम गांजा, 27,875 प्रतिबंधित नशीली गोलियां, 173 ग्राम MDMA, 4.55 ग्राम कोकीन, 20.740 ग्राम हेरोइन, 0.80 ग्राम ब्राउन शुगर, 71 ग्राम अफीम, 251 शीशी सिरप, नकदी, वाहन, मोबाइल फोन सहित अन्य सामग्री शामिल है।
रायपुर पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और मादक पदार्थों की सप्लाई चेन से जुड़े लोगों के खिलाफ भी प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
