रायपुर – ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत रायपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत माना कैंप में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू और नगर पंचायत अध्यक्ष संजय यादव की अगुवाई में निकली करीब दो किलोमीटर लंबी यात्रा में पूरा माना कैंप देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

हाथों में तिरंगा थामे स्कूली छात्र-छात्राओं, आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारियों और गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक यात्रा में सहभागिता की। यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

इस अवसर पर भाजपा नेता श्यामा प्रसाद चक्रवर्ती , मंडल अध्यक्ष भीमानंद निषाद, महामंत्री नरेश पिल्लै, साधु हालदार सहित पार्षदगण, नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं तथा नगर के वरिष्ठ एवं विशिष्ट नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

तिरंगा यात्रा ने राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और देशभक्ति का संदेश दिया। यात्रा में शामिल लोगों ने राष्ट्रध्वज के सम्मान के साथ देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा ‘हर घर तिरंगा, हर दिल देशभक्ति और हर कदम राष्ट्र निर्माण’ की भावना को आगे बढ़ाने का संदेश भी इस आयोजन के माध्यम से दिया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चल रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर नागरिकों में खासा उत्साह दिखाई दिया।
आयोजकों ने नागरिकों से अपने घरों, प्रतिष्ठानों और कार्यस्थलों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को और मजबूत करने की अपील की।

‘मातृभूमि का तन-मन सारा, झंडा ऊंचा रहे हमारा’—इसी देशभक्ति के भाव के साथ माना कैंप की तिरंगा यात्रा ने राष्ट्रीय एकता और गौरव का संदेश दिया।
