रायपुर – रायपुर कमिश्नरेट ने स्मार्ट पुलिसिंग और डिजिटल प्रशासन की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए ‘e-मालखाना 2.0’ की शुरुआत की है। नई व्यवस्था के तहत आज 10 नए थानों में e-मालखाना का शुभारंभ किया गया, जिसके साथ ही कमिश्नरेट के कुल 21 थानों में यह डिजिटल प्रणाली लागू हो गई है।
पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित कांबले के निर्देशन में शुरू की गई इस व्यवस्था को रायपुर पश्चिम के पुलिस उपायुक्त रॉबिंसन गुड़िया ने विकसित किया है। नई तकनीक के जरिए अब थानों के मालखाने में जमा जब्त संपत्ति और केस प्रॉपर्टी का रिकॉर्ड डिजिटल तरीके से सुरक्षित रखा जाएगा।

बारकोड से खुलेगा पूरी केस प्रॉपर्टी का रिकॉर्ड
‘e-मालखाना 2.0’ की सबसे बड़ी खासियत बारकोड आधारित डिजिटल ट्रैकिंग सिस्टम है। मालखाने में जमा प्रत्येक जब्त वस्तु को एक यूनिक बारकोड दिया जाएगा। बारकोड स्कैन करते ही संबंधित प्रकरण, जब्ती का विवरण, जमा करने की तारीख, वस्तु की वर्तमान स्थिति समेत जरूरी जानकारी तत्काल सामने आ जाएगी।
इससे केस प्रॉपर्टी को तलाशने, उसकी स्थिति जानने और उसके रिकॉर्ड को अपडेट रखने में पुलिसकर्मियों को आसानी होगी। साथ ही मालखाना प्रबंधन में होने वाली मानवीय त्रुटियों की संभावना भी कम होगी।
एक साथ कई थानों में शुभारंभ
पश्चिम जोन के थानों में आज एक साथ e-मालखाना 2.0 की शुरुआत की गई। टिकरापारा और न्यू राजेंद्र नगर थाने में पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला ने उद्घाटन किया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित कांबले, डीसीपी पश्चिम रॉबिंसन गुड़िया, एडीसीपी राहुल देव शर्मा सहित संबंधित अधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे।
वहीं खमतराई थाने में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित कांबले ने e-मालखाना 2.0 का उद्घाटन किया। इस अवसर पर डीसीपी उत्तर दीपमाला कश्यप, एडीसीपी उत्तर आदित्य पाण्डेय सहित पुलिस अधिकारी और स्टाफ उपस्थित रहे।
मालखाने की व्यवस्था होगी ज्यादा पारदर्शी
पुलिस के सामने मालखाने में जब्त संपत्ति का सुरक्षित रखरखाव, रिकॉर्ड और समय पर पहचान एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होती है। ऐसे में डिजिटल ट्रैकिंग व्यवस्था लागू होने से पूरी प्रक्रिया अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और जवाबदेह बनने की उम्मीद है।

नई व्यवस्था में किसी भी केस प्रॉपर्टी की जानकारी के लिए लंबे रिकॉर्ड खंगालने की जरूरत नहीं होगी। बारकोड स्कैन करते ही डिजिटल सिस्टम संबंधित जानकारी उपलब्ध करा सकेगा। इससे पुलिस के कामकाज में गति के साथ-साथ रिकॉर्ड प्रबंधन में भी सुधार आएगा।
स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में बड़ा कदम
रायपुर कमिश्नरेट में ‘e-मालखाना 2.0’ का विस्तार पुलिसिंग को तकनीक से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। यह व्यवस्था केवल मालखाने को डिजिटल बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि पुलिस प्रशासन में पारदर्शिता, जवाबदेही और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल को मजबूत करने की दिशा में भी बड़ा कदम है।
आज जिन थानों में e-मालखाना शुरू किया गया, उनमें टिकरापारा, न्यू राजेंद्र नगर, मुजगहन, पुरानी बस्ती, डीडी नगर, आमानाका, आजाद चौक, सरस्वती नगर और खमतराई सहित संबंधित थाने शामिल हैं। रायपुर कमिश्नरेट के कुल 21 थानों में अब इस आधुनिक प्रणाली का संचालन शुरू हो चुका है।
रायपुर पुलिस का यह डिजिटल प्रयोग आने वाले समय में स्मार्ट पुलिसिंग के साथ जवाबदेह पुलिस प्रशासन की नई तस्वीर पेश कर सकता है।
