रायपुर – छत्तीसगढ़ में आज मौसम पूरी तरह करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, जबकि एक-दो स्थानों पर भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार आज प्रदेश के अनेक क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां तेज रहेंगी। तेज गरज के साथ बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को खुले मैदानों, पेड़ों के नीचे, बिजली के खंभों और असुरक्षित स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश के सभी संभागों में कहीं न कहीं हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बादलों और बारिश के कारण मौसम सुहावना बना रहा। इस दौरान राजनांदगांव में सबसे अधिक 40.0 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान, जबकि पेंड्रारोड में सबसे कम 23.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। रायपुर में अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री और दुर्ग में 38.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 1 जुलाई से पूरे छत्तीसगढ़ में मानसून और अधिक सक्रिय होगा। 1 से 4 जुलाई के बीच प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश, तेज गरज-चमक और वज्रपात की स्थिति बन सकती है। अगले दो दिनों तक तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान घर या सुरक्षित स्थान पर रहें, पेड़ों के नीचे शरण न लें, बिजली के खंभों और खुले मैदानों से दूर रहें तथा प्रशासन और मौसम विभाग की सलाह का पालन करें। प्रदेश में अगले कुछ दिन बारिश और खराब मौसम का दौर जारी रहने के आसार हैं।
