रायपुर – देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर में विश्वविद्यालय स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कृषि महाविद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में कुलपति डॉ. (कर्नल) गिरीश चंदेल ने राष्ट्रध्वज फहराकर परेड की सलामी ली। इस दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक स्वतंत्रता दिवस समारोह में भाग लिया।

समारोह को संबोधित करते हुए कुलपति डॉ. चंदेल ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और अमर वीर बलिदानियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के आठ दशकों में भारत ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है, लेकिन देश के सामने आज भी कई महत्वपूर्ण चुनौतियां हैं। इनमें कृषि उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता हासिल करना प्रमुख है।
उन्होंने कृषि वैज्ञानिकों और विद्यार्थियों का आह्वान करते हुए कहा कि वे कृषि क्षेत्र की नई चुनौतियों का समाधान खोजने और देश को कृषि उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान दें। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक, शोध और नवाचार के माध्यम से कृषि को और अधिक सशक्त बनाया जा सकता है।

कुलपति ने बताया कि छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों को कृषि की उच्च शिक्षा और शोध के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए देश के 70 से अधिक अग्रणी विश्वविद्यालयों एवं अनुसंधान संस्थानों के साथ एमओयू किया गया है। इसी का परिणाम है कि इस वर्ष विश्वविद्यालय के दो वैज्ञानिकों और पांच विद्यार्थियों का विदेशी शिक्षण संस्थानों में शोध अध्ययन के लिए चयन हुआ है।
उन्होंने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि स्नातकोत्तर और शोधार्थी विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर की संगोष्ठियों में बेस्ट पोस्टर और बेस्ट प्रेजेंटेशन सहित अनेक पुरस्कार हासिल किए हैं। वहीं विश्वविद्यालय के प्राध्यापकों एवं वैज्ञानिकों ने भी राष्ट्रीय स्तर पर बेस्ट साइंटिस्ट और बेस्ट एग्रीकल्चर इंजीनियर जैसे प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त कर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया है।
समारोह के दौरान विश्वविद्यालय के कर्मचारियों की सुविधा के लिए व्हाट्सएप चैटबॉट का लोकार्पण भी किया गया। इसके साथ ही उत्कृष्ट शोध प्रकाशन के लिए शोध एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। खेलकूद के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं, खेलकूद एवं एनसीसी कैडेट्स तथा एनएसएस स्वयंसेवकों को भी सम्मानित किया गया।
विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले प्राध्यापकों, वैज्ञानिकों और विद्यार्थियों को भी इस अवसर पर सम्मान प्रदान किया गया। समारोह के अंत में तिरंगा रैली का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

समारोह में कुलसचिव डॉ. कपिल देव दीपक, संचालक अनुसंधान सेवाएं डॉ. विवेक त्रिपाठी, निदेशक विस्तार सेवाएं डॉ. एस.एस. टुटेजा, निदेशक शिक्षण डॉ. विजय कुमार, निदेशक प्रक्षेत्र एवं बीज डॉ. नितिन रस्तोगी, अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय शर्मा, कृषि महाविद्यालय की अधिष्ठाता डॉ. आरती गुहे, कृषि अभियांत्रिकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. एम.पी. त्रिपाठी, खाद्य प्रौद्योगिकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. एस.एस. सेंगर सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, वैज्ञानिक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
