कोंडागांव – जिले के फरसगांव तहसील कार्यालय में मंगलवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तहसीलदार के रीडर मुकेश रंगारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद पूरे तहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पाटला निवासी बिसुलाल नेताम ने ACB से शिकायत की थी कि नामांतरण प्रकरण में अपने पिता और बुआ का नाम दर्ज कराने के एवज में तहसीलदार के रीडर मुकेश रंगारी ने 70 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले का सत्यापन किया और ट्रैप की योजना बनाई। जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता पहले ही आरोपी को दो किश्तों में 15 हजार रुपये और 20 हजार रुपये, यानी कुल 35 हजार रुपये दे चुका था।
मंगलवार को जब आरोपी तीसरी किश्त के रूप में 10 हजार रुपये की रिश्वत ले रहा था, तभी पहले से घात लगाए बैठी ACB की टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। मौके से रिश्वत की राशि जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया।
ACB की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही मामले से जुड़े दस्तावेजों की जांच भी की जा रही है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
बड़ी बात
नामांतरण के लिए मांगी थी ₹70 हजार की रिश्वत।
शिकायतकर्ता से पहले ही ₹35 हजार ले चुका था।
तीसरी किश्त ₹10 हजार लेते हुए ACB ने रंगे हाथ दबोचा।
तहसील कार्यालय में मची अफरा-तफरी, भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई।
