रायपुर – छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल करते हुए 23 IAS अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस बदलाव में कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारियों में फेरबदल के साथ कुछ जिलों के कलेक्टर भी बदले गए हैं। सरकार के इस फैसले को प्रशासनिक कसावट और कामकाज में तेजी लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
तबादला सूची के अनुसार कांकेर कलेक्टर नीलेश कुमार महादेव क्षीरसागर को नगरीय प्रशासन विभाग में संचालक की जिम्मेदारी दी गई है। उनके स्थान पर IAS कुंदन कुमार कांकेर के नए कलेक्टर होंगे।

इसी तरह IAS रणबीर शर्मा को गरियाबंद जिले का कलेक्टर बनाया गया है। वहीं IAS जयश्री जैन को सक्ती जिला कलेक्टर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। IAS तुलिका प्रजापति को कवर्धा कलेक्टर बनाया गया है।
प्रशासनिक फेरबदल में विभागीय स्तर पर भी अहम बदलाव किए गए हैं। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के एमडी विवेक आचार्य को उनके मूल वन विभाग में वापस भेजा गया है। वहीं वरिष्ठ IAS अधिकारी सोनमणि बोरा को नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अलावा IAS आर. संगीता को मंत्रालय में बिना विभाग के पदस्थ किया गया है। सरकार के इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल में जिलों की प्रशासनिक कमान से लेकर मंत्रालय और विभागों के वरिष्ठ पदों तक बदलाव देखने को मिला है।
कलेक्टरों के तबादले के साथ ही अब संबंधित जिलों में नई प्रशासनिक प्राथमिकताओं और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर निगाहें रहेंगी। खासतौर पर कांकेर, गरियाबंद, सक्ती और कवर्धा जैसे जिलों में नए कलेक्टरों के सामने स्थानीय प्रशासन, विकास कार्यों और शासन की योजनाओं को गति देने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।

23 IAS अधिकारियों के इस बड़े फेरबदल ने प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था में नई हलचल पैदा कर दी है। आने वाले दिनों में इन नियुक्तियों का असर जिलों और विभागों के कामकाज में भी दिखाई देने की उम्मीद है।
