छत्तीसगढ़ – राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के जरिए लोगों को उद्योग लगाने और मोटा मुनाफा कमाने का सपना दिखाकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी दोना-पत्तल निर्माण मशीन, कच्चा माल उपलब्ध कराने और तैयार माल खरीदने का भरोसा देकर लोगों से रकम वसूलता था।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित ने सोशल मीडिया पर चल रहे एक विज्ञापन को देखकर आरोपी से संपर्क किया। आरोपी ने खुद को कंपनी का संचालक बताते हुए दोना-पत्तल बनाने की मशीन, कच्चा माल उपलब्ध कराने और तैयार उत्पाद की खरीद की गारंटी देने का दावा किया। साथ ही कम समय में अधिक मुनाफा होने का लालच भी दिया।
आरोपी की बातों पर भरोसा कर पीड़ित ने अलग-अलग किश्तों में करीब 2 लाख 95 हजार रुपये उसके खाते में जमा कर दिए। रकम लेने के बाद आरोपी लगातार मशीन और कच्चा माल देने में टालमटोल करता रहा और अंततः अपने वादे पूरे नहीं किए। खुद को ठगा महसूस होने पर पीड़ित ने थाना डीडी नगर में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी पश्चिम संदीप पटेल के निर्देशन तथा एडिशनल डीसीपी राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में कार्रवाई के निर्देश दिए गए। एसीपी पुरानी बस्ती देवांश सिंह राठौर और थाना प्रभारी डीडी नगर के नेतृत्व में गठित टीम ने दस्तावेजी एवं तकनीकी साक्ष्य जुटाकर आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अधिक मुनाफे का लालच देकर लोगों से रकम ऐंठता था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शैलेन्द्र कुमार रजक (39 वर्ष) के रूप में हुई है। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 404/2026 के तहत धारा 318(4) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने 25 से 30 अन्य लोगों को भी इसी तरह ठगी का शिकार बनाया है। इसके अलावा अन्य राज्यों के लोगों से भी धोखाधड़ी करने की जानकारी मिली है। पुलिस अब आरोपी के वित्तीय लेन-देन, ठगी से अर्जित रकम और उसके नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।
