रायपुर – रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के पश्चिम जोन ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के 83 प्रकरणों में जब्त भारी मात्रा में प्रतिबंधित मादक पदार्थों का मंगलवार को सिलतरा स्थित पावर प्लांट में विधिवत निस्तारण किया।
जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) संदीप कुमार पटेल (आईपीएस), अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा तथा जिला आबकारी अधिकारी प्रवीण वर्मा की उपस्थिति में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस ने पर्यावरण विभाग की अनुमति और केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय व नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जब्त मादक पदार्थों को सिलतरा स्थित पावर प्लांट के फर्नेस में जलाकर नष्ट किया।
नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 194.242 किलोग्राम गांजा, 1,06,652 टैबलेट/कैप्सूल, 337.64 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) तथा 29 ग्राम कोकीन शामिल है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस कार्रवाई से थानों के मालखानों में लंबे समय से सुरक्षित रखी गई जब्त सामग्री का वैज्ञानिक एवं सुरक्षित निस्तारण हुआ है। इससे मालखानों में पर्याप्त स्थान उपलब्ध होगा, अभिलेखों का बेहतर रखरखाव संभव होगा और भविष्य में जब्त सामग्री के सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।
रायपुर पुलिस ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और मादक पदार्थों की तस्करी व अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
