छत्तीसगढ़ – राजधानी रायपुर में संचालित स्पा सेंटरों पर पुलिस कमिश्नरेट ने शनिवार को अचानक बड़ा जांच अभियान चलाकर हड़कंप मचा दिया। शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में संचालित 30 स्पा सेंटरों की एक साथ जांच की गई। कार्रवाई के लिए पुलिस की 15 टीमों का गठन किया गया, जिसमें राजपत्रित अधिकारियों समेत 100 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।

पुलिस की यह कार्रवाई महज औपचारिक जांच तक सीमित नहीं रही। टीमों ने स्पा सेंटरों के भीतर पहुंचकर ग्राहकों के रजिस्टर से लेकर CCTV कैमरों की स्थिति, कर्मचारियों के पुलिस वेरिफिकेशन और उनकी आयु संबंधी दस्तावेजों तक की बारीकी से पड़ताल की। साथ ही स्टाफ रजिस्टर और अन्य जरूरी अभिलेख भी खंगाले गए।
संदिग्ध गतिविधियों पर भी पुलिस की नजर
जांच के दौरान पुलिस टीमों ने यह भी देखा कि स्पा सेंटरों में किसी तरह की प्रतिबंधित या संदिग्ध गतिविधि तो संचालित नहीं हो रही है। इसके अलावा परिसर की व्यवस्था, लीज और किराये के दस्तावेज, स्वामित्व संबंधी कागजात तथा संचालन के लिए जरूरी अनुमतियों की भी जांच की गई।
दो स्पा सेंटरों में मिली आपत्तिजनक वस्तुएं
जांच अभियान के दौरान पुलिस को दो स्पा सेंटरों में आपत्तिजनक वस्तुएं मिलीं। इसके बाद दोनों जगहों के मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई शुरू की गई है।
पुलिस के मुताबिक कार्रवाई की जद में आने वाले सेंटरों में थाना डीडी नगर क्षेत्र का एलिना स्पा सेंटर और थाना पंडरी क्षेत्र के अंबुजा मॉल में संचालित ला थाई स्पा सेंटर शामिल हैं।
तीनों जोन में एक साथ चला अभियान
पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के वेस्ट जोन डीसीपी रॉबिन्सन गुरिया, सेंट्रल जोन डीसीपी तारकेश्वर पटेल और नॉर्थ जोन डीसीपी दीपमाला कश्यप के निर्देशन में तीनों जोन में यह कार्रवाई की गई।
वहीं एसीपी स्नेहिल साहू, नंदिनी ठाकुर और पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में गठित टीमों ने स्पा सेंटरों की जांच की।

अब लगातार निगरानी, नियम तोड़े तो कार्रवाई तय
पुलिस कमिश्नरेट ने साफ संकेत दिया है कि स्पा सेंटरों की जांच और निगरानी आगे भी जारी रहेगी। नियम-कायदों का उल्लंघन मिलने पर केवल संचालक ही नहीं, बल्कि संबंधित मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
राजधानी में एक साथ 30 स्पा सेंटरों की जांच और दो सेंटरों में आपत्तिजनक वस्तुएं मिलने के बाद पुलिस की इस कार्रवाई ने स्पा सेंटर संचालकों में भी खलबली मचा दी है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में पुलिस की निगरानी और सख्त हो सकती है।
