रायपुर – राजधानी रायपुर में यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने और प्रमुख मार्गों से अव्यवस्थित अतिक्रमण हटाने के लिए यातायात पुलिस ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। शनिवार को टाटीबंध स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के सामने सड़क किनारे लगे ठेले-खोमचों के खिलाफ यातायात पुलिस और नगर निगम की टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। अचानक हुई कार्रवाई से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई ठेला संचालकों को अपना सामान समेटकर हटना पड़ा।
पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा के निर्देश पर थाना प्रभारी यातायात टाटीबंध भुनेश्वर साहू के नेतृत्व में यातायात पुलिस का दल नगर निगम की टीम ‘प्रहरी’ के साथ मौके पर पहुंचा। टीम ने एम्स के सामने सड़क किनारे और आवागमन क्षेत्र में अव्यवस्थित तरीके से लगाए गए ठेले-खोमचों को हटाने की कार्रवाई शुरू की।

कार्रवाई के दौरान 10 ठेले जब्त किए गए, जबकि करीब 15 से 20 ठेले-खोमचे मौके से हटाए गए। कार्रवाई के बाद मुख्य मार्ग और आसपास का आवागमन क्षेत्र काफी हद तक अतिक्रमण मुक्त कराया गया। इससे वाहन चालकों के साथ पैदल आने-जाने वाले लोगों को भी राहत मिली।
एंबुलेंस के रास्ते में बाधा बनी बड़ी वजह
एम्स राजधानी का प्रमुख चिकित्सा संस्थान है, जहां हर दिन बड़ी संख्या में मरीज और उनके परिजन पहुंचते हैं। अस्पताल के सामने सड़क किनारे ठेले-खोमचे लगने से कई बार सड़क का हिस्सा संकरा हो जाता है। इससे यातायात बाधित होने के साथ-साथ एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों के निर्बाध आवागमन में भी परेशानी की स्थिति बन सकती है।
यातायात पुलिस ने ठेला-खोमचा संचालकों को स्पष्ट समझाइश दी कि सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक आवागमन वाले स्थानों पर अतिक्रमण कर यातायात व्यवस्था बाधित न करें। खासकर अस्पताल के सामने किसी भी तरह की अव्यवस्था मरीजों और उनके परिजनों के लिए परेशानी का कारण बन सकती है।
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
यातायात पुलिस ने साफ कर दिया है कि शहर के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। एम्स जैसे महत्वपूर्ण चिकित्सा संस्थान के सामने यातायात को सुगम और सुरक्षित रखना पुलिस की प्राथमिकता में है।
संयुक्त कार्रवाई के बाद अब पुलिस और नगर निगम की निगरानी पर भी नजर रहेगी कि हटाए गए ठेले दोबारा उसी स्थान पर न जम जाएं। यातायात पुलिस का कहना है कि जनहित, सुगम आवागमन और आपातकालीन वाहनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रखा जाएगा।
