गोबरा नवापारा – राजधानी रायपुर के गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र में आधी रात राहगीर को रोककर मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी, वाहन में तोड़फोड़ और मोबाइल लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं वारदात में शामिल 4 अपचारी बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम चिल्हाती, थाना पचपेड़ी, जिला बिलासपुर निवासी रोहित कुमार यादव (40) 29 अगस्त की रात अपने टुफान वाहन क्रमांक CG 04 QR 4710 से धमतरी की ओर जा रहे थे। रात करीब 1 बजे ग्राम कुर्रा, गोबरा नवापारा के पास अचानक करीब 9 लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया।
बताया गया कि आरोपियों ने वाहन को घेर लिया और रोहित के साथ गाली-गलौज करते हुए चाकू, डंडे और हाथ-मुक्के से हमला कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद हमलावरों ने वाहन में जमकर तोड़फोड़ की, जिससे करीब 16 हजार रुपये का नुकसान हुआ। आरोपियों पर मोबाइल फोन लूटने का भी आरोप है।
घटना के बाद पीड़ित ने 30 अगस्त को गोबरा नवापारा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराध क्रमांक 246/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। प्रकरण में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस ने ऐसे दबोचे आरोपी
जांच के दौरान पुलिस ने वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान करते हुए सागर साहू (22), चंदन यादव (19), टीकम साहू (19), मुकेश नगराची (19) और घनश्याम निषाद (19) को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी गोबरा नवापारा क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं।
पुलिस के मुताबिक मामले में शामिल चार विधि से संघर्षरत बालकों को भी अभिरक्षा में लेकर माननीय किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
चाकू-डंडे और मोबाइल को लेकर पूछताछ
पुलिस ने आरोपियों से घटना में इस्तेमाल किए गए चाकू और डंडे सहित लूटे गए मोबाइल फोन के संबंध में पूछताछ की है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर रिमांड लेने की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना अभी जारी है और वारदात में शामिल अन्य लोगों तथा घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
आधी रात सड़क पर राहगीर को घेरकर की गई इस वारदात ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मामले में शामिल आरोपियों तक जल्द पहुंच बनाई गई।
