रायपुर – ग्रामीण क्षेत्र में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर लगाम कसने सिलतरा पुलिस ने 29 अगस्त की दरमियानी रात देर तक विशेष रात्रिकालीन अभियान चलाया। पुलिस ने आदतन अपराधियों, गुंडा-बदमाशों, चाकूबाजी, मारपीट, छीनाझपटी और संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त लोगों की धरपकड़ के साथ ही अवैध शराब और नशे से जुड़ी गतिविधियों पर भी कार्रवाई की। अभियान के दौरान कुल 17 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई, जिसमें एक महिला भी शामिल है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा एवं उप पुलिस अधीक्षक माना लम्बोदर पटेल के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी सिलतरा राजेन्द्र सिंह कँवर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने देर रात क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों और आपराधिक प्रवृत्ति वाले लोगों पर निगरानी बढ़ाई।
गुंडा-बदमाश के घर दबिश, पत्नी के कब्जे से शराब बरामद
अभियान के दौरान पुलिस ने गुंडा बदमाश राजेश सिसोदिया के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान उसकी पत्नी देवकी सिसोदिया के कब्जे से 25 पौवा शोले देशी मदिरा शराब बरामद की गई। पुलिस ने शराब जब्त कर महिला के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार और आपराधिक गतिविधियों में लिप्त लोगों के बीच हड़कंप की स्थिति रही।
फरार आरोपी पर भी पुलिस की नजर
अभियान के दौरान पुलिस ने धारा 173(8) दण्ड प्रक्रिया संहिता (CrPC) के प्रकरण में फरार आरोपी टिकेश्वर निषाद उर्फ ऑटो, निवासी ग्राम धनेली, के विरुद्ध भी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की।
17 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
सिलतरा पुलिस ने क्षेत्र में पूर्व से मारपीट, चाकूबाजी, छीनाझपटी और संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त रहे 17 व्यक्तियों के खिलाफ धारा 170, 126 एवं 135(3) BNSS के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई का उद्देश्य अपराध की पुनरावृत्ति रोकना और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है।
पुलिस ने साफ किया है कि क्षेत्र में आपराधिक और असामाजिक गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बढ़ने नहीं दिया जाएगा। आदतन अपराधियों, गुंडा-बदमाशों और नशे से जुड़ी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। आने वाले दिनों में भी इसी तरह के रात्रिकालीन अभियान जारी रहने की बात पुलिस ने कही है।
अभियान में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल
संपूर्ण कार्रवाई थाना प्रभारी राजेन्द्र सिंह कँवर के नेतृत्व में ASI कौशल मिर्झा, ASI वर्मा, PSI भूपेन्द्र सिंह, PSI रागिनी दिनकर, HC कोमल वर्मा, HC कपिल चंद्रवंशी, आरक्षक अर्जुन डहरिया, आरक्षक मुकेश जांगड़े, आरक्षक नवीन निर्मलकर एवं आरक्षक डिगेन्द्र द्वारा की गई।
