रायपुर – यात्री बसों में छत पर सामान ढोने और परिवहन नियमों का उल्लंघन करने की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद परिवहन उड़नदस्ता रायपुर ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। परिवहन आयुक्त सह सचिव एस. प्रकाश एवं अपर परिवहन आयुक्त डी. रविशंकर के निर्देश पर नियम विरुद्ध संचालित यात्री वाहनों की सघन जांच की गई।

जांच के दौरान छत पर सामान ढोने वाले 49 स्लीपर बसों पर 2 लाख 64 हजार रुपए की भारी चालानी कार्रवाई की गई। परिवहन विभाग के मुताबिक बसों की छत पर सामान रखना न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे सड़क सुरक्षा और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर खतरा पैदा हो सकता है।
इसी को देखते हुए परिवहन उड़नदस्ता रायपुर प्रभारी चन्द्र कुमार साहू के नेतृत्व में अंतर्राज्यीय बस स्टैंड भाठागांव में सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान बसों में छत पर सामान ले जाने के साथ-साथ अन्य नियमों की भी जांच की गई।
दस्तावेज और परमिट की भी जांच
अभियान के दौरान विभिन्न प्रमुख मार्गों पर संचालित बसों के दस्तावेज, फिटनेस और परमिट की वैधता भी जांची गई। जांच में निर्धारित दर से अधिक किराया वसूलने तथा बिना किराया सूची के बसें संचालित करने जैसे मामलों में भी कार्रवाई की गई।
विभाग के अनुसार, अन्य नियमों के उल्लंघन में संचालित कुल 111 वाहनों से 42,800 रुपए शास्ति वसूल की गई।

इस तरह परिवहन विभाग की कार्रवाई में कुल 160 यात्री बसों पर 3 लाख 6 हजार 800 रुपए की चालानी कार्रवाई की गई। विभाग की इस कार्रवाई के बाद बस संचालकों में हड़कंप की स्थिति है और संचालक अपनी बसों में आवश्यक सुधार करने में जुट गए हैं।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यात्री सुरक्षा से जुड़े नियमों के उल्लंघन पर जांच और कार्रवाई का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।
