रायपुर– कांग्रेस नेता आनंदमल कुकरेजा को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी देकर 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में आरोपी शोएब ढेबर की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। रायपुर CJM कोर्ट ने पुलिस को शोएब ढेबर को दोबारा गिरफ्तार करने की अनुमति दे दी है। कोर्ट की अनुमति मिलने के बाद पुलिस अब आरोपी की तलाश में जुट गई है।
दरअसल, रविवार को रिमांड कोर्ट ने गिरफ्तारी की सूचना परिवार के सही व्यक्ति को नहीं दिए जाने के आधार पर शोएब ढेबर को स्वतंत्र करने की अनुमति दी थी। इसके बाद पुलिस ने नियमित अदालत में दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति के लिए आवेदन पेश किया। मंगलवार को कोर्ट ने पुलिस की अपील स्वीकार करते हुए दोबारा गिरफ्तारी का रास्ता साफ कर दिया।
विदेशी नंबर से धमकी, 25 करोड़ की रंगदारी
पूरा मामला रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र से जुड़ा है। पुलिस के मुताबिक, 14 सितंबर को प्रार्थी आनंदमल कुकरेजा के मोबाइल पर विदेशी नंबर से WhatsApp के जरिए धमकी भरे संदेश भेजे गए थे। संदेशों में आरोपी ने कथित तौर पर खुद को अमन साहू गैंग से जुड़ा हुआ बताते हुए 25 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी।
इतना ही नहीं, पैसे नहीं देने पर प्रार्थी, उसके बेटे और परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने की धमकी दिए जाने का भी आरोप है। मामले की गंभीरता को देखते हुए तेलीबांधा थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तकनीकी जांच में सामने आया शोएब ढेबर का नाम
मामले की जांच में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की। पुलिस ने रविवार को शोएब ढेबर को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से घटना से जुड़े पांच आईफोन बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है।
हालांकि, रिमांड कोर्ट से मिली राहत के बाद पुलिस को दोबारा गिरफ्तारी के लिए नियमित अदालत का रुख करना पड़ा। अब CJM कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद पुलिस के पास शोएब ढेबर को फिर से गिरफ्तार करने का कानूनी रास्ता साफ हो गया है।
अब कभी भी हो सकती है गिरफ्तारी
कोर्ट की अनुमति के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में सक्रिय हो गई है। 25 करोड़ की रंगदारी, विदेशी नंबर से धमकी और परिवार को जान से मारने की धमकी जैसे गंभीर आरोपों वाले इस मामले में अब आगे की कार्रवाई पर सभी की नजर है।
पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और जब्त किए गए मोबाइल फोन के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। शोएब ढेबर की दोबारा गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर इस पूरे मामले में कथित नेटवर्क और अन्य जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटा सकती है।
